इंदौर के देवास नाका क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे महिंद्रा शोरूम के सामने स्थित आरती भोजनालय में भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। टीआई तारेश सोनी के मुताबिक आग बुझ गई है। कोई हताहत नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलती नजर आई, जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुईं। सूचना के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। भोजनालय में खाना बनाने के दौरान यहां गैस की नली में आग लगी थी। इसके बाद बाहर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के दौरान कर्मचारी बाहर की ओर निकल गए थे। भोजनालय में जिस गैस की टंकी में आग लगी थी, उसमें आधे घंटे बाद ब्लास्ट हो गया। घटना के समय होटल में दो और टंकियां रखी थीं, लेकिन वे बच गईं। टंकी में ब्लास्ट के बाद वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागते नजर आए। हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने निजी टैंकर से पानी डालकर आग पर काबू पा लिया था। कनाड़िया में झाड़ियों में लगी आग इधर, बुधवार रात को कनाड़िया में झाड़ियों में आग लग गई। जिसे कुछ देर बाद काबू पा लिया गया।
