कांग्रेस पार्षद द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का विरोध करने पर शुक्रवार को भाजपा ने शहर के सभी 85 वार्डों में सामूहिक वंदे मातरम् गाया। इसकी शुरुआत इंदौर के वार्ड 64 से हुई। नवलखा चौराहे पर राष्ट्रविरोधी कांग्रेस का पुतला दहन करते हुए पार्षद मनीष ‘मामा’ शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् नहीं गाने वाले और राष्ट्रगीत का सम्मान नहीं करने वालों को यह देश छोड़ देना चाहिए और पाकिस्तान चले जाना चाहिए। इस दौरान इंदौर संगठन प्रभारी राजेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे। सभी ने वंदे मातरम् नहीं गाने वालों के विरोध में अपना रोष व्यक्त किया। इंदौर नगर निगम की परिषद बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम और पार्षद रुबीना इकबाल ने वंदे मातरम् नहीं गाने की बात कही थी, जिसका पूरे इंदौर में विरोध हो रहा है। वहीं, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुमित हार्डिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पार्षद फौजिया शेख अलीम का मुंह काला करने पर 51 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि किसी भी मातृशक्ति द्वारा मुंह काला करने पर यह इनाम दिया जाएगा। पूर्व मुस्लिम पार्षद ने गाया वंदे मातरम् इधर, पूर्व मुस्लिम पार्षद उस्मान पटेल ने सामूहिक वंदे मातरम् का आयोजन किया। इस दौरान अल्पसंख्यक समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक गान किया। यहां गाया गया वंदे मातरम् भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने वार्ड 81 के चाणक्यपुरी चौराहे पर, सांसद शंकर लालवानी ने वार्ड 64 के नवलखा चौराहे पर, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वार्ड 7 बड़ा गणपति पर, विधायक रमेश मेंदोला ने वार्ड 32 स्कीम नंबर 78 (पानी की टंकी) पर, विधायक गोलू शुक्ला ने वार्ड 59 हरसिद्धि मंदिर प्रांगण में, विधायक मालिनी गौड़ ने वार्ड 69 मालगंज चौराहे पर, विधायक महेंद्र हार्डिया ने वार्ड 54 शीतला माता चौराहे पर, विधायक मधु वर्मा ने वार्ड 74 राहुल गांधी नगर में, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने वार्ड 3 महाराणा प्रताप गार्डन में और पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने वार्ड 9 शिव मंदिर, हेमू कालानी नगर में कार्यकर्ताओं एवं आमजन की उपस्थिति में सामूहिक वंदे मातरम् गाया। साथ ही, सभी 85 वार्डों में राष्ट्रविरोधी कांग्रेस का पुतला भी जलाया गया। कांग्रेस पार्षदों को निष्कासित करे पार्टी भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी वंदे मातरम् का समर्थन करती है, तो कांग्रेस पार्षद नेत्री फौजिया शेख अलीम और रुबीना इकबाल को पार्टी से निष्कासित करे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के बजट सत्र में कांग्रेस की दो पार्षदों ने वंदे मातरम् का विरोध किया। वंदे मातरम् भारत की आत्मा का गीत है। भारत माता की वंदना करते-करते असंख्य क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम् गाते हुए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया।
