मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मूंदी-सनावद हाईवे पर शुक्रवार को 40 लोगों से भरा तेज रफ्तार आयशर ट्रक पलट गया। हादसे में 2 बुजुर्गों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हुए। इनमें 14 की हालत नाजुक है। मामला पुनासा चौकी क्षेत्र के डूडगांव का है। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान 60 वर्षीय बाबूलाल और भागीरथ पिता भाईराम (73) के रूप में की गई है। दोनों तलवड़िया गांव के रहने वाले थे। सभी लोग ग्राम तलवड़िया से मामेरा लेकर ग्राम ठुकरा देवला गए थे। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में मातम में बदल गया। घायलों को खंडवा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से 14 को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। कई अन्य घायलों को भी इलाज के लिए इंदौर लाया जा रहा है। किसी का सिर फूटा है तो किसी के हाथ-पैर में गंभीर चोट है। 5 तस्वीरों में देखिए हादसा… रेस लगा रहे थे ट्रक, टकराकर पलटा घायल बालक मानव केवट (16) ने बताया कि हादसे के वक्त दो आयशर ट्रक आपस में रेस लगा रहे थे। जिस वाहन में वे सवार थे, वह दूसरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के बाद साइड का शीशा टूट गया और गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। सड़क से नीचे उतरकर करीब 25-30 फीट दूर जाकर पलट गया। मदद के लिए चीखते-चिल्लाते लोग हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग वाहन के नीचे दब गए और मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे। आसपास के ग्रामीण तुरंत पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों और एंबुलेंस से सनावद अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेजा गया स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतक बाबूलाल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। ओवरलोडिंग और ओवरटेक से हादसा पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग, ओवरटेक और लापरवाही को वजह माना जा रहा है। तकनीकी कारणों और चालक की स्थिति की भी जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएंगे। ………………………………… यह खबर भी पढ़ें मुरैना में BJP नेताओं के ट्रैक्टर ने वन रक्षक को कुचला, मौत मुरैना में रेत का अवैध परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर ने वन रक्षक को कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात दिमनी थाना इलाके में रानपुर गांव चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 6 बजे की है। पढ़ें पूरी खबर…
