मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में पति ने पत्नी के सामने चंदला थाने में जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने और उल्टी होने पर पुलिस उसे गाड़ी से अस्पताल लेकर निकली। पत्नी की गोद में उसने दम तोड़ दिया। SP अगम जैन ने चंदला TI संदीप दीक्षित को सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक राम विशाल अहिरवार (22) नाहरपुर का रहने वाला था। पत्नी से विवाद के बाद पुलिस ने उसे थाने बुलाया, जहां उसने जहर खाया। 2 साल पहले बिथौरा गांव में शादी हुई थी। तीन महीने का बच्चा है। पुलिस ने बेटे को पीट-पीटकर मार डाला मृतक की मां मुलिया अहिरवार ने आरोप लगाया कि बेटे से थाने में मारपीट की गई। पुलिस ने पट्टे से पीटा। थाने में मारने की आवाजें आ रही थीं। मेरा बेटा चिल्ला रहा था। मैंने पुलिस वालों से बेटे को न मारने को कहा, लेकिन मुझे दूर भगा दिया गया। आखिर पुलिस ने बेटे को पीट-पीटकर मार डाला। ये 5 तस्वीरें देखिए… मां बोली- नहीं पता उसने क्या खाया मां मुलिया अहिरवार ने बताया कि बेटे की यह दूसरी शादी थी। वह नशा करके कभी-कभार विवाद करता था। बहू इस कारण ससुराल से मायके चली जाती थी। इसी बात पर दोनों के बीच बहस होती थी। हम दोनों को समझाते थे। मां बोली- पानी दे देते, उल्टी करवा देते तो बच जाता मां ने पुलिस से कहा कि बेटा पूरे रास्ते पानी मांगता रहा, लेकिन आपने पानी नहीं दिया। अगर पानी दे देते और उल्टी करवा देते तो वह बच जाता। बेटा पानी-पानी करते मर गया। SDOP नवीन दुबे ने मां को समझाया कि जहर केस में पानी नहीं दिया जाता, इसलिए नहीं दिया। पत्नी बोली- हम बात कर रहे थे, वो उल्टी करने लगे राम विशाल अहिरवार की पत्नी लीला ने बताया, मैं ससुराल में नहीं रह रही थी। सुलह के लिए पुलिस ने थाने बुलाया था। मां के साथ सुबह 11.30 बजे थाने पहुंची थी। पति भी अपनी मां और परिवार के साथ आए थे। पुलिस ने हमें आपस में बात करने को कहा। हम बात करने लगे। पति को थाने में हो रही थी उल्टी थाने में बातचीत के दौरान अचानक उन्हें उल्टी शुरू हो गई। पुलिस ने चेकिंग की तो उनकी जेब से आधी दवा निकली। वह क्या था, मुझे नहीं पता। पुलिस के साथ हम तुरंत चंदला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर्स ने छतरपुर रेफर कर दिया। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पति मेरी गोद में लेटे थे। गाड़ी में बार-बार पानी मांग रहे थे। बाद में मुझे चक्कर आने लगे। इसके बाद क्या हुआ, मुझे नहीं पता। पति शराब पीकर मारपीट करते थे पत्नी लीला ने बताया- पति शराब पीकर मारपीट करते थे। जमीन समेत सब कुछ बेच दिया था, इसलिए विवाद होता था। इस कारण दो महीने पहले मायके चली गई थी। इसके बाद से मेरी पति से बात नहीं हो रही थी। पुलिस ने हमें बुलाया था। करीब एक घंटे हम थाने में रहे। उन्होंने जहर कब खाया, हमें नहीं पता। लापरवाही पर थाना प्रभारी निलंबित एसपी अगम जैन ने बताया कि चंदला थाने में पति-पत्नी का विवाद आया था। पत्नी के ससुराल न आने पर पति ने चंदला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी सिलसिले में दोनों परिवार के साथ शुक्रवार को थाने पहुंचे थे। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर चंदला थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की ज्यूडिशियल जांच करवाई जाएगी। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस, लवकुशनगर एसडीओपी, एएसपी आदित्य पटले और एसपी अगम जैन जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
