मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। कांग्रेस विधायक ने ‘सनी देओल स्टाइल’ में कोसा तारीख पर तारीख… तारीख पर तारीख… कब तक झूठी तारीख दोगे? उज्जैन में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान तराना से विधायक महेश परमार ने फिल्म अभिनेता सनी देओल के अंदाज में मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फिल्म में सनी देओल का ढाई किलो का हाथ था, लेकिन किसानों के पास असल में 8 फीट लंबा हल है। किसान गांव में घुसने नहीं देंगे। दरअसल, मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में देरी को लेकर कांग्रेस राज्यस्तरीय विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने भाजपा के चुनावी वादे के मुताबिक 2700 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से गेहूं खरीदने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कुत्ते को सौंपा ज्ञापन कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सीहोर में धरने पर बैठे। कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर वे कलेक्ट्रेट परिसर में ही बैठ गए। करीब ढाई घंटे इंतजार के बाद भी जब कलेक्टर नहीं पहुंचे, तो उन्होंने कुत्ते को ही ज्ञापन सौंप दिया। सिंघार ने कुत्ते के गले में ‘कलेक्टर’ लिखी तख्ती टांगी और ज्ञापन भी बांध दिया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा- ये सीहोर कलेक्टर हैं, जो जनता की आवाज नहीं सुनते। अगर अधिकारी जनता की बात नहीं सुनेंगे, तो उनका इसी तरह अपमान होगा। उन्होंने कुत्ते से कहा- ये ज्ञापन मुख्यमंत्री तक पहुंचा देना। इससे पहले वे एडीएम पर भी नाराज हो गए थे। जीतू पटवारी ने फोन पर कलेक्टर को लगाई फटकार सागर में किसानों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को रोककर मंडी बंद होने की शिकायत की। इस पर पटवारी ने मौके से ही कलेक्टर को फोन लगाया और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- मंडी तीन-चार दिन से बंद है, किसान गर्मी में परेशान हैं। आप कलेक्टर हैं, आपको स्थिति की जानकारी होनी चाहिए। प्रशासन क्या कर रहा है? पटवारी ने कलेक्टर को मौके पर पहुंचने, टीम भेजने और तुरंत मंडी शुरू कराने को कहा। पूर्व विधायक ने केंद्रीय मंत्री को पागल करार दिया शाजापुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पागल बता दिया। कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- मुझे लगता है कि शिवराज पागल हो चुके हैं। उनका मानसिक संतुलन खराब हो चुका है। वो सस्ता नशा करने का काम कर रहे हैं। दरअसल, संसद में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की आय दोगुनी से लेकर आठ गुनी होने तक का दावा किया था। उनके इसी बयान को लेकर पूर्व विधायक ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज झूठ बोल रहे हैं, कुछ भी बोल रहे हैं। जमीनी हकीकत इससे अलग है। कांग्रेस नेता का भाजपा सरकार पर म्यूजिकल तंज शाजापुर में कांग्रेस नेता महेंद्र जोशी ने मंच से एक गाना गाकर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने ये गाना गाया- “सच्चाई छुप नहीं सकती, बनावट के उसूलों से…
खुशबू आ नहीं सकती, कभी कागज के फूलों से…
मैं तुझसे प्यार करूं ओ मगर कैसे ऐतबार करूं?
झूठा है तेरा वादा… वादा तेरा वादा…” वहीं, हरदा में कांग्रेस नेताओं ने हारमोनियम और तबले के साथ म्यूजिकल अंदाज में प्रदर्शन किया। उन्होंने गाया- “सखी सैंया तो खूबई कमात है, महंगाई डायन खाए जात है…” सत्ता पक्ष का पलटवार- विपक्ष का तो काम ही यही सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आंदोलन को हल्के में लिया है। मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल का हिसाब दे। हमारी सरकार किसानों को उचित दाम देकर गेहूं खरीद रही है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा, इसलिए इस तरह के प्रदर्शन कर रहा है। दरअसल, सरकार ने गेहूं खरीदी की तारीख दो बार बढ़ाई। पहले 10 अप्रैल से खरीदी तय थी, फिर एक दिन पहले 9 अप्रैल से ही शुरुआत कर दी गई। इस दौरान सत्ता पक्ष के नेताओं ने किसानों का साफा बांधकर स्वागत किया और खरीदी का शुभारंभ कराया। बात खरी है…
असल में यही राजनीति है। भाजपा और कांग्रेस के बीच किसानों का हितैषी बनने की होड़ मची है। क्योंकि सत्ता तक पहुंचने और उस पर टिके रहने के लिए किसानों का समर्थन सबसे अहम माना जाता है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), आनंद निगम (उज्जैन), महेंद्र ठाकुर (सीहोर), जितेंद्र तिवारी (सागर), मोहित राठौर (राठौर), संदेश पारे (हरदा)। ये भी पढ़ें… मंत्री का गुस्सा, अधिकारी से कहा- मोबाइल फेंक दूंगा सीएम डॉ. मोहन यादव जबलपुर के सांसद आशीष दुबे का नाम भूल गए। वे एक-एक कर मंच पर बैठे अतिथियों के नाम ले रहे थे। जब सांसद की बारी आई तो उन्होंने आशीष सिंह कहा, फिर आशीष उपाध्याय कहकर पुकारा। फिर मंच से किसी ने सही नाम बताया। तब जाकर सीएम ने सही नाम लिया। पढ़ें पूरी खबर…
