उज्जैन में सिंहस्थ मेले के लिए कई सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। गेबी हनुमान के पास 6 अप्रैल (सोमवार) को एक तीन मंजिला मकान गिरकर धराशायी हो गया था। इसके बाद अगले दिन दैनिक भास्कर ने आगाह किया था कि दो और मकान गिरने की स्थिति में हैं। घटना के दो दिन बाद बुधवार देर रात फिर एक मकान गिर गया, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। सिंहस्थ मेले के लिए हो रहा काम वीडी क्लॉथ मार्केट से लेकर छोटी पुलिया तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोड के चौड़ीकरण के तहत 568 मकानों के हिस्सों को हटाया जा रहा है। इस काम में लगभग 27 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, ताकि सिंहस्थ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम मार्ग तैयार हो सके। देर रात अचानक गिरा मकान का एक हिस्सा सोमवार को तीन मंजिला मकान गिरने के बाद आसपास के लोग एहतियात के तौर पर होटल या किराए के मकानों में शिफ्ट हो गए थे। बुधवार रात मेडिकल व्यवसायी अनिल मेहता के मकान का एक हिस्सा भी गिर गया। इसके बाद मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन की मदद से पूरे मकान को सावधानीपूर्वक ढहा दिया गया। रात भर गुल रही बिजली रात में मकान का हिस्सा गिरने के दौरान तार टूटने से पूरे क्षेत्र की बिजली चली गई जिससे कई लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। रहवासी लाला चाचा ने बताया कि रोड चौड़ीकरण के काम से क्षेत्र के लोग काफी परेशान हैं। सोमवार को एक मकान गिरने के बाद जैसा अंदेशा था, वैसा ही हुआ और बुधवार रात दूसरा मकान भी गिर गया। इसके बाद नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों ने मौके पर स्थिति को संभाला। खुदाई से नीव तक भरा पानी लोगों का कहना है कि यदि नगर निगम ने अब भी पानी के भराव को नहीं रोका, तो कई और मकान गिरने की स्थिति में आ सकते हैं। पानी जमा होने से मकानों की नींव लगातार कमजोर हो रही है। रहवासियों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि पोकलेन मशीन से खुदाई के दौरान नींव तक खोद दिया गया और करीब एक महीने से पानी जमा होने की शिकायत भी कई बार नगर निगम को की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार बुधवार को एक और तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। घटनाक्रम से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… उज्जैन में तीन मंजिला मकान गिरा, LIVE VIDEO उज्जैन के गेबी हनुमान क्षेत्र में सोमवार शाम एक तीन मंजिला मकान अचानक गिर गया। घटना का LIVE वीडियो सामने आया है। यह मार्ग महाकाल मंदिर जाने वाला प्रमुख रास्ता है। समय रहते रहवासियों ने आवाजाही रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पढ़ें पूरी खबर…
