सागर कृषि उपज मंडी में हम्मालों की हड़ताल के चलते गुरुवार को खरीदी बंद होने पर किसानों ने मंडी के सामने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान छतरपुर जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार को किसानों ने रोक लिया और अपनी समस्याएं बताईं। किसानों की शिकायत पर पीसीसी (PCC) चीफ ने सागर कलेक्टर संदीप जीआर को फोन लगाकर मंडी की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। खरीदी शुरू कराने को कहा। पटवारी ने शाम 7 बजे तक समाधान न होने पर वापस आने की चेतावनी दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा है। ‘कलेक्टर साहब, जीतू पटवारी बोल रहा हूं… किसान परेशान हैं’ सागर मंडी में अव्यवस्थाओं की जानकारी मिलने के बाद पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सीधे सागर कलेक्टर संदीप जीआर को फोन लगाया। उन्होंने फोन पर कहा, “कलेक्टर साहब, जीतू पटवारी बोल रहा हूं। मंडी में तीन-चार दिन से किसान परेशान हैं। क्या आपके संज्ञान में नहीं है? सागर मंडी में सब बिकता है। आप कलेक्टर हैं, आपको सुध लेना चाहिए। किसान गर्मी में पड़ा है, परेशान हो रहा है, लेकिन खरीदी नहीं हो रही है। मैं यहां से गुजर रहा था तो किसानों ने रोक लिया। यहां हालत खराब है। आप ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्या कर रहा है प्रशासन? आप स्वयं आइए और व्यवस्थाएं देखिए। मंडी शुरू कराइए। इसके बाद उन्होंने फोन मंडी अधिकारी को दे दिया। ‘शिवराज सिंह पूरे देश में झूठ बोलते हैं कि किसान खुशहाल हैं’ किसानों को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि यह लड़ाई भाजपा-कांग्रेस की नहीं, बल्कि आपके पेट और हक की है। उन्होंने डबल इनकम और कृषि को लाभ का धंधा बनाने के वादों पर सवाल उठाए। उन्होंने किसानों से पूछा कि कुछ दिन पहले संसद में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 8 गुना किसानों की आय बढ़ने की बात कही थी, क्या यहां मौजूद किसी किसान की आय बढ़ी? जब किसानों ने मना कर दिया, तो पटवारी ने कहा, शिवराज सिंह चौहान पूरे देश में झूठ बोलते हैं कि मप्र में किसान खुशहाल हैं।
