ग्वालियर जिले के डबरा स्थित सहराई गांव में थाने से शिकायत दर्ज कराकर लौट रहे दंपति पर चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। पुराने विवाद को लेकर पुलिया पर घेरा सहराई निवासी बंटी उर्फ सुरेंद्र रावत का सत्येंद्र रावत से पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार रात सत्येंद्र ने साथियों के साथ मिलकर बंटी को धमकाया था, जिसकी शिकायत करने बुधवार दोपहर बंटी अपनी पत्नी के साथ थाने गए थे। लौटते समय आरोपियों ने सहराई पुलिया पर उन्हें घेरकर हमला कर दिया। ग्रामीणों को आता देख भागने लगे बदमाश फायरिंग की आवाज सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर हिमांशु झा और सत्येंद्र रावत को पकड़ लिया। अन्य आरोपी विजेंद्र रावत और प्रदीप बघेल अवैध पिस्टल लेकर फरार हो गए। पिस्टल लहराते बदमाशों का वीडियो आया सामने घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सरेराह पिस्टल लहराते हुए दहशत फैलाते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने इस वीडियो को साक्ष्य के रूप में शामिल किया है। आरोपियों की इस हरकत से गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। दो आरोपी फरार, तलाश में जुटी टीम शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें भेजी गई हैं। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
