एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के रिजल्ट से पहले भोपाल में छात्र-छात्राओं के बीच आस्था का माहौल देखने को मिल रहा है। रिजल्ट को लेकर बढ़ती चिंता के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी मंदिरों में पहुंचकर दान पेटियों में पर्चियां डालकर पास होने और अच्छे अंक आने की मन्नत मांग रहे हैं। न्यू मार्केट स्थित शनि मंदिर और 1100 क्वार्टर्स के पास स्थित मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंच रहे हैं। यहां दान पेटियों में पर्चियां डालकर अच्छे परिणाम की कामना की जा रही है। 100 परिक्रमा से लेकर लड्डू चढ़ाने तक की मन्नत छात्र- छात्राओं की पर्चियों में अलग-अलग तरह की मन्नतें लिखी जा रही हैं। सुहानी ने लिखा कि अगर वह पास हो जाती है तो मंदिर में 100 बार परिक्रमा लगाएगी। अन्वेषा ने अच्छे अंकों से पास होने पर लड्डू चढ़ाने का संकल्प लिया है। वहीं, भावनी ने हनुमानजी से प्रार्थना करते हुए लिखा कि अच्छे नंबर आने पर वह परिक्रमा और दर्शन करेगी। भावनी ने बताया कि उसने 12वीं की परीक्षा दी है और पास होने की कामना लेकर मंदिर आई है। उसने पर्ची में लिखा है कि यदि वह परीक्षा में सफल होती है तो 100 लड्डू चढ़ाएगी। देखिए पर्चियां… दान पेटियों में बढ़ीं ‘मन्नत की अर्जी’
न्यू मार्केट स्थित शनि मंदिर के पुजारी पंडित अरुण बुचके के मुताबिक, इन दिनों दान पेटियों में रखी पर्चियों की संख्या काफी बढ़ गई है। इनमें ज्यादातर छात्र-छात्राओं की अर्जी है, जो परीक्षा में पास होने, अच्छे नंबर लाने या भविष्य में नौकरी मिलने की कामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि श्रद्धालु मन्नत पूरी होने के बाद मंदिर में आकर पूजा-अर्चना करते हैं, चोला चढ़ाते हैं और दीप जलाते हैं। रिजल्ट के समय यह परंपरा हर साल देखने को मिलती है, लेकिन इस बार संख्या ज्यादा नजर आ रही है। आस्था के सहारे कम हो रहा तनाव रिजल्ट को लेकर बढ़ते तनाव के बीच छात्र आस्था का सहारा ले रहे हैं। श्रद्धा ने बताया कि उसने 10वीं की परीक्षा दी है और पास होने की मन्नत लेकर दान पेटी में पर्ची डाली है। उसका कहना है कि रिजल्ट अच्छा आने पर वह भगवान की 100 बार परिक्रमा करेगी। रिजल्ट से पहले का यह दौर जहां एक ओर छात्रों के लिए तनाव भरा होता है, वहीं दूसरी ओर मंदिरों में उमड़ती यह आस्था उनके मन को सुकून भी दे रही है। 7 से 12 अप्रैल के बीच आ सकता है रिजल्ट मध्यप्रदेश में एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं के लाखों छात्रों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। माध्यमिक शिक्षा मंडल इस साल 15 अप्रैल से पहले रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है, जबकि संभावित तारीख 7 से 12 अप्रैल के बीच तय हो सकती है। स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि सभी जरूरी प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और रिजल्ट पूरी तरह त्रुटिरहित जारी किया जाएगा। इस बार करीब 16 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए हैं। ऐसे में समय पर परिणाम घोषित कर छात्रों को आगे की पढ़ाई में कोई देरी न हो, यह विभाग की प्राथमिकता है। 16 लाख से ज्यादा छात्र हुए शामिल इस साल प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख से ज्यादा छात्र और छात्राएं शामिल हुए हैं। इनमें लगभग 9 लाख 7 हजार विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा संचालन के लिए प्रदेशभर में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
