मध्य प्रदेश के उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की 14 मार्च को कनाडा में हुई हत्या के 21 दिन बाद उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह उज्जैन पहुंच गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ा है। उनकी अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। शव 2 अप्रैल को अहमदाबाद पहुंच गया था। यहां से एंबुलेंस से उज्जैन लाया गया है। गुरकीरत का शव एंबुलेंस से उतारकर घर के अंदर रखा गया है। जहां गुरकीरत की मां और पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरकीरत सिंह मनोचा का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम को अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचा। यहां कस्टम और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद गुरुवार रात करीब 9 बजे एम्बुलेंस से अहमदाबाद से उज्जैन के लिए रवाना किया गया था। कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन शहर में 10-12 युवकों ने पहले गुरकीरत की पिटाई की, फिर उस पर गाड़ी चढ़ा दी थी। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही परिवार अंतिम बार बेटे का चेहरा देखने का इंतजार कर रहा था। 3 अप्रैल को उज्जैन में अंतिम दर्शन, निकलेगी शव यात्रा अभिलाष जैन ने बताया कि पार्श्वनाथ सिटी, देवास रोड स्थित निवास पर अंतिम दर्शन और अरदास के बाद शव यात्रा निकाली जाएगी। उज्जैन आगमन के बाद परिवारजन, रिश्तेदार और समाजजन अंतिम दर्शन करेंगे, इसके पश्चात अंतिम यात्रा निकलेगी। इन मार्गों से निकलेगी अंतिम यात्रा शव यात्रा पार्श्वनाथ सिटी से देवास रोड, संजीवनी हॉस्पिटल चौराहा, फ्रीगंज स्थित सुख सागर गुरुद्वारा साहिब, टावर चौक, चामुंडा माता मंदिर, आगर रोड, मंगलनाथ मार्ग, पीपलीनाका होते हुए चक्रतीर्थ श्मशान घाट पहुंचेगी, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि दी जाएगी। मिनट-टू-मिनट अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
