उज्जैन में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव हो गया। जमीन पर काबिज मौजूद लोगों ने हंगामा करते हुए टीम के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की और जेसीबी पर पत्थर बरसा दिए। घटना का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें अतिक्रमणकारी वहां मौजूद जेसीबी और प्रशासनिक टीम पर पथराव करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीन लोगों पर कार्रवाई की है। घटना बुधवार शाम की है। देवास रोड स्थित ग्राम चंदेसरी में सरकारी जमीन सर्वे क्रमांक 568 की करीब 2 बीघा जमीन पर पीरा, मोहनलाल और भारती द्वारा कब्जा किया गया था। कई बार पटवारी और तहसीलदार की समझाइश के बाद भी जमीन खाली नहीं की गई थी। पास के खेत वालों की जमीन भी इससे ब्लॉक कर दी गई थी। शिकायत मिलने पर राजस्व अमला थाना नागझिरी पुलिस टीम के साथ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंचा था। यहां टीम को देखकर अतिक्रमणकारियों ने पहले विवाद किया, फिर राजस्व अमले पर हमला कर दिया। इस दौरान मोहन और उसकी पत्नी ने जेसीबी पर पत्थर फेंककर टीम को रोकने की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए तीनों लोगों को काबू में कर लिया और थाने ले आई। यहां तीनों के खिलाफ धारा 151 में कार्रवाई की गई है, साथ ही जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया है।
