इंदौर के एरोड्रम इलाके में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले निवेश और फिर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, मामले की जानकारी साइबर पुलिस को दी गई। इसके बाद जांच एरोड्रम पुलिस को सौंपी गई है। 25 लाख रुपए की और मांग की एरोड्रम पुलिस ने कमलेश वैष्णव की शिकायत पर करीब आधा दर्जन से अधिक अकाउंट होल्डरों के खिलाफ FIR दर्ज की है। कमलेश ने बताया कि जून 2024 में फेसबुक के माध्यम से मुंबई, पुणे और चेन्नई की कंपनियों में निवेश का ऑफर आया। जिसमें 50 लाख रुपए जमा करने पर दो करोड़ रुपए देने की बात कही गई। इसमें अनिका और एलिना के अकाउंट में करीब 11 और 12 लाख रुपए जमा कराए गए। इसके बाद 25 लाख रुपए की और मांग की गई, लेकिन रुपए नहीं होने पर मार्च 2025 तक का समय दिया गया। इसके बाद सोफी अन्ना नाम की युवती ने फेसबुक पर संपर्क किया, जिसमें अरुणाचल प्रदेश की वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से पाउडर सैंपल ब्रिटेन भेजने की बात कही गई। इसमें 3 लाख 37 हजार रुपए जमा कराए गए, जिसे ब्रिटेन की कंपनी ने 8 लाख रुपए में खरीदने की बात कही। इसके बाद ब्रिटेन की कंपनी में विलियम नाम के डॉक्टर ने 5 किलो से कम सैंपल खरीदने की बात कही, जिसमें और निवेश करने के लिए कहा गया। रुपये नहीं होने पर कमलेश ने इनकार कर दिया। अच्छी नौकरी का ऑफर देने की भी बात कही तीसरी बार अंबानी फाउंडेशन के पेज की तरफ से संपर्क किया गया, जिसमें 5 लाख रुपए के निवेश पर 25 लाख रुपए का लाभ देने की बात कही गई। इसमें किरण सिंह, संगीता सिंह सहित अन्य लोगों के अकाउंट में करीब 4 लाख रुपए ट्रांसफर कराए गए। उन्होंने अच्छी नौकरी का ऑफर देने की भी बात कही। कमलेश ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि इतने रुपये निवेश करने के चलते उसकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। जब उसने नौकरी की तलाश की, तब ठगों ने अमेरिका की एक कंपनी में नौकरी के नाम पर भी हजारों रुपए अकाउंट में जमा कराए। बाद में जब अमेरिका की कंपनी की जानकारी निकाली गई तो वह फर्जी निकली। इसके बावजूद नौकरी नहीं मिली। अंततः ठगी का पता चलने पर साइबर सेल में शिकायत की गई।
