मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शुक्रवार शाम BJP प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल के पीएसओ समेत 3 लोगों पर फायरिंग हुई है। बताया जा रहा है कि माता मंदिर पर गाना बजाने को लेकर पड़ोसी गुस्सा गए। पड़ोसियों ने कहासुनी के बाद फायरिंग की। मामला मुरार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पीएसओ संतोष पांडे, उनके भाई आकाश पांडे और राजकुमार पांडे को छर्रे लगे हैं। आकाश के चेहरे और आंख के पास चोट आई है, जबकि अन्य दो को हाथ में चोट लगी है। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। माता मंदिर में चल रहा था भजन-कीर्तन स्थानीय लोगों ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर संतोष पांडे के घर के सामने स्थित माता मंदिर में भजन-कीर्तन के लिए साउंड सिस्टम चल रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी भूरा, उसके पिता पप्पी रजक और परिवार के अन्य सदस्य नाराज हो गए। पहले गाली-गलौज की। इससे विवाद हुआ। आरोपी की बहन ने भी की फायरिंग आरोप है कि विवाद के बीच भूरा कट्टा लेकर आया, जबकि उसकी बहन ने बालकनी से बंदूक से फायरिंग की। कुल चार राउंड फायर किए गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है। फायरिंग के बाद इलाके में फोर्स तैनात एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
