सिंगरौली जिले के जयंत क्षेत्र में युवक की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। उधारी के पैसों के विवाद में चलती पिकअप से धक्का देकर हत्या की गई थी। घटना 25 मार्च की है। पुलिस को एफआरव्ही 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सरसवाहलाल क्षेत्र में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को पीसीसी सड़क के पास युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। एफएसएल और डॉग स्क्वाड से जांच शुरू मौके पर मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान आशीष कुमार कुशवाहा (25), निवासी सरसवाहलाल जयंत के रूप में की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विंध्यनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना द्विवेदी और जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने तत्काल एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर जांच शुरू कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेजा गया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की कॉल डिटेल खंगाली और संबंधित लोगों से पूछताछ की। सामने आया कि घटना वाले दिन मृतक की स्कूटी से पेट्रोल की बोतल चोरी हो गई थी। इसी की तलाश में वह संदिग्धों के घर पहुंचा था, जहां उधारी के पैसों को लेकर नूर हसन उर्फ मनिया से उसका विवाद हो गया। 2000 हजार रुपए नहीं देने के लिए ली जान उधारी के ₹2000 को लेकर मृतक और नूर हसन उर्फ मनिया के बीच विवाद हुआ था। जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार के अनुसार, घटना की रात करीब 11 बजे आरोपी नूर हसन पिकअप वाहन से वहां से गुजर रहा था, तभी मृतक ने उसे रोककर अपने पैसे मांगे। आरोपी ने पैसे न होने की बात कही, लेकिन मृतक गाड़ी के बाएं दरवाजे पर लटककर पैसे देने की जिद करने लगा। इसी दौरान आरोपी ने तेज रफ्तार (करीब 100 किमी/घंटा) से वाहन दौड़ा दिया। लगभग 200 मीटर दूर जाकर मृतक का हाथ छूट गया और वह नीचे गिर गया, जहां उसके सिर में लोहे का टुकड़ा घुस गया। इसके बाद पिकअप का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद वाहन लेकर फरार हो गया। कॉल डिटेल से हुई आरोपियों की पहचान जांच अधिकारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि मामला पूरी तरह ब्लाइंड था और शुरुआत में कोई सुराग नहीं मिल रहा था। बाद में मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकालने पर नूर हसन से लगातार संपर्क के सबूत मिले। संदेह के आधार पर उसे जयंत गोलाई बस्ती से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले उसने मृतक को पहचानने से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। चलती पिकअप से धक्का देने पर युवक की मौत विवाद बढ़ने पर आरोपी नूर हसन, एक बाल अपचारी और छोटू कुमार कोल ने मिलकर चलती पिकअप वाहन में आशीष के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे वाहन से धक्का दे दिया। गिरने के बाद युवक वाहन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम की सक्रियता और समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ये खबर भी पढ़े… युवक का घर के बाहर संदिग्ध हालत में मिला शव: हत्या की आशंका सिंगरौली जिले के जयंत इलाके में बुधवार सुबह आशीष कुशवाहा (25) का शव उसके घर के सामने संदिग्ध हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना जयंत क्षेत्र के सरसवाहलाल मोहल्ले से पुलिस को मिली। पढ़े पूरी खबर…
