Homeमध्यप्रदेशछतरपुर में 50 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार:पकड़े जाने पर जमीन पर...

छतरपुर में 50 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार:पकड़े जाने पर जमीन पर लोट लगाने लगा; मुआवजा दिलाने के नाम पर मांगे थे ₹डेढ़ लाख

छतरपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सागर लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी राहुल अग्रवाल को कलेक्ट्रेट परिसर से पकड़ा गया। वह केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित गांव की महिला से मुआवजा राशि दिलाने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। पकड़े जाने पर पटवारी जमीन पर ही लोट लगाने लगा। हालांकि अफसरों की सख्ती के आगे उसकी एक न चल सकी। जानकारी के मुताबिक, किशनगढ़ क्षेत्र के नेगुवां गांव की रहने वाली 43 वर्षीय शगुंती बाई सौर, जो परियोजना से प्रभावित है, को विस्थापन के तहत करीब 12.50 लाख रुपए का मुआवजा मिलना था। आरोप है कि पटवारी राहुल अग्रवाल ने इस राशि को जारी कराने के एवज में 1.50 लाख रुपए की मांग की थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पटवारी लगातार दबाव बना रहा था और धमकी दे रहा था कि यदि पैसे नहीं दिए तो मुआवजा राशि वापस कर दी जाएगी। डर के चलते महिला ने पहले ही 40 हजार रुपए दे दिए थे। इसके बाद भी मांग जारी रही, जिस पर परेशान होकर उसने सागर लोकायुक्त से शिकायत की।
कलेक्ट्रेट परिसर में रंगे हाथों पकड़ा गया
लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच कर ट्रैप प्लान किया और कलेक्ट्रेट परिसर में ही आरोपी को 50 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई में निरीक्षक रोशनी जैन के नेतृत्व में टीम के सदस्य प्रधान आरक्षक शफीक खान, यशवंत सिंह तथा आरक्षक अरविंद नायक, राघवेंद्र सिंह, आदेश तिवारी और गोल्डी पासी शामिल रहे। इधर, पकड़े गए पटवारी राहुल अग्रवाल ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे जबरन फंसाया गया है और उसने कोई रिश्वत नहीं ली है। उसने कलेक्ट्रेट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की बात कही है। वहीं लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि आरोपी द्वारा बार-बार महिला पर पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत की पुष्टि के बाद योजना बनाकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here