देश में LPG संकट के बीच ग्वालियर में गैस सिलेंडर की खुलेआम कालाबाजारी हो रही है। 996 रुपए में मिलने वाला घरेलू सिलेंडर 1800 से 2 हजार रुपए तक में बेचा जा रहा है। डिलीवरी बॉय और हॉकर्स “किसी को बताना नहीं” की शर्त पर सिलेंडर दे रहे हैं और सिर्फ कैश ले रहे हैं। दैनिक भास्कर की टीम ने पूरे खेल को समझने के लिए स्टिंग किया। रिपोर्टर ने 2 हजार रुपए देकर सिलेंडर खरीदा। पड़ताल में एजेंसी वाले गैस की सप्लाई रोककर ज्यादा दाम में बेच रहे हैं। पढ़िए हॉकर्स और रिपोर्टर के बीच हुई बातचीत के अंश। भास्कर रिपोर्टर की हॉकर से बातचीत पहला स्टिंग: 2 हजार रु. में सिलेंडर
पीताम्बरा गैस एजेंसी के हॉकर परमार सिंह बघेल रिपोर्टर: भैया सिलेंडर चाहिए?
परमार बघेल (डिलीवरी बॉय): नंबर लगा है क्या, डीएसी नंबर दिखाओ।
रिपोर्टर: नंबर नहीं लगा, कॉपी भी नहीं है।
परमार: ठीक है… किसी को बताना नहीं। मेरा नंबर लो, थोड़ी देर बाद फोन करना।
(आधे घंटे बाद)
परमार: हरिशंकरपुरम आ जाओ। रिपोर्टर: कितना लगेगा?
परमार: 2 हजार लगेंगे… और किसी को बताना नहीं।
रिपोर्टर: ठीक है। (2 हजार देकर सिलेंडर लिया)
रिपोर्टर: एक और चाहिए, मिल जाएगा?
परमार: जितने चाहिए, दे देंगे। (एक घंटे बाद फिर कॉल)
परमार: खाली सिलेंडर ले आओ, जल्दी दे दूंगा।
रिपोर्टर: अभी नहीं है, कल लाऊंगा।
परमार: ठीक है, कल ले लेना। दूसरा स्टिंग: दो सिलेंडर के 3300 रु.
राधे गैस एजेंसी के हॉकर जितेंद्र बघेल रिपोर्टर: भैया घर में सिलेंडर नहीं है, मिल जाएगा क्या?
जितेंद्र बघेल (हॉकर): डीएसी नंबर दिखाओ।
रिपोर्टर: बाहर का हूं, नौकरी करता हूं… कनेक्शन भी नहीं है।
जितेंद्र: नहीं मिलेगा।
रिपोर्टर: पैसे ले लेना।
जितेंद्र: ठीक है, आज नहीं मिलेगा… कल सुबह 9 बजे दे दूंगा।
रिपोर्टर: कितने पैसे लगेंगे? जितेंद्र: 1800 रुपए।
रिपोर्टर: एक और सिलेंडर चाहिए तो?
जितेंद्र: दे देंगे… लेकिन किसी को बताना नहीं।
रिपोर्टर: उसका कितना? जितेंद्र: तुम्हें 1500 में दूंगा।
रिपोर्टर: मतलब दो सिलेंडर के 3300 रुपए?
जितेंद्र: हां भाई।
रिपोर्टर: पैसे ऑनलाइन दे दूं?
जितेंद्र: नहीं…, कैश ही लूंगा। एजेंसी पर लाइन, नंबर वालों को भी नहीं मिल रही गैस गैस एजेंसियों पर लाइन में खड़े कई ऐसे उपभोक्ता भी थे, जिनका नंबर लग चुका था और मोबाइल पर DAC नंबर भी आ चुका था, फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल रही थी। पीतांबरा एजेंसी कर्मचारी लोगों से साफ कह रहे थे- “दो-चार दिन में आ जाएगी, अभी गैस नहीं है। ललितपुर निवासी शिखा गोयल का भी यही हाल रहा। कुल एजेंसी: 49, इनमें आईओसी का 31, बीपीसी की 13 और एचपीसी की 5 एजेंसी हैं। कुल ग्राहक: 5 लाख 47,305 है। जिले में प्रतिदिन की औसत सप्लाई 10,566 है।
