मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को देश में गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना की। मैहर के मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी में नवनिर्मित रेप्टाइल हाउस के लोकार्पण के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि देश में गैस की कोई किल्लत नहीं होने दी जाएगी। बोले- होर्मुज जलडमरूमध्य में भारत को मिली प्राथमिकता उपमुख्यमंत्री ने वैश्विक संघर्षों का उल्लेख करते हुए बताया कि हरमोज (होर्मुज) जलडमरूमध्य जैसे संवेदनशील क्षेत्रों से जहां अन्य देशों के तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति नहीं मिल रही है, वहीं भारतीय जहाजों को वहां से प्रवेश की अनुमति प्राप्त है। शुक्ल ने इसे भारत की अंतरराष्ट्रीय साख और प्रधानमंत्री मोदी की कुशल कूटनीति का परिणाम बताया। गैस संकट पर जनता को दिया भरोसा प्रदेश के विभिन्न जिलों में गैस के लिए लग रही लंबी कतारों के सवाल पर शुक्ल ने कहा कि आम जनता को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का नारा देते हुए स्पष्ट किया कि युद्ध जैसी वैश्विक स्थितियों के बावजूद भारत के हितों के लिए दुनिया के देश सहयोग कर रहे हैं। मुकुंदपुर सफारी में रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण इससे पूर्व, डिप्टी सीएम ने मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू में नवनिर्मित रेप्टाइल हाउस का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन विकास और वन्यजीव संरक्षण की दिशा में सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने दोहराया कि भारत की मजबूत विदेश नीति के कारण ही आज देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित है।
