पति मेरे ही कमरे में अपनी सगी बहन को रखता है और उससे संबंध बनाता है। मैंने ससुर और अन्य लोगों से कहा, पर कोई फर्क नहीं पड़ा। फिर पुलिस के पास भी गई, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई।पुलिस ने मेरी रिपोर्ट तक नहीं लिखी यह बात एक महिला ने बुधवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई में कही। उसने अपनी शिकायत में बताया कि पुलिस मामले में बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। पूरा मामला सुनने के बाद आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कार्रवाई करने को कहा है। वहीं महिला को भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा। राष्ट्रीय महिला आयोग पूरे देश में जनसुनवाई कर रहा है। इसकी शुरूआत 9 मार्च से हुई है और 14 मार्च तक सुनवाई चलेगी। जिन राज्यों में राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष नहीं हैं, वहां राष्ट्रीय महिला आयोग के पदाधिकारी पहुंचकर महिलाओं की शिकायतें सुन रहे हैं। इसी सिलसिले में राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर आज भोपाल पहुंची हैं। एमएलबी कॉलेज में बेंच लगाई। राज्य सहकारी विपणन संघ के उपयंत्री की शिकायत राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई में मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ में पदस्थ एक महिला भृत्य ने शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि संघ में पदस्थ उपयंत्री प्रवीण माथुर पिछले 9 वर्षों से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस में भी शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विभाग के मुख्य अभियंता, स्थापना अधिकारी और निजी सहायक भी उपयंत्री का बचाव कर रहे हैं। महिला का कहना है कि शिकायत के बाद आंतरिक परिवाद समिति और विभागीय जांच में प्रवीण माथुर को दोषी पाया गया है, इसके बावजूद उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे वह काफी परेशान हैं। महिला के अनुसार प्रवीण माथुर अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं और उन्हें आशंका है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत के कारण वे कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहे हैं। कोई पीछा कर रहा, पुलिस नहीं सुन रही आयोग की बेंच के समक्ष एक साल का बच्चा लेकर पहुंची एक महिला ने कहा कि वर्ष 2025 से कोई मेरा पीछा कर परेशान करता है। इसकी शिकायत पुलिस से की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। आयोग ने कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। करोंद क्षेत्र के सुधीर राय की पत्नी बेंच के सामने उपस्थित हुईं और बताया कि उनका विवाद सुलझ गया है। पुलिस को सूचना भी दे दी, लेकिन आयोग को की गई शिकायत से उनका नाम नहीं कटा है, इसलिए आना पड़ा। आयोग की अध्यक्ष ने गुलदस्ता दिलाकर विवाद खत्म कराया। आयोग खुद महिलाओं के बीच पहुंचा राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि कई महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर सीधे आयोग तक नहीं पहुंच पाती हैं, इसलिए आयोग स्वयं उनके बीच जाकर जनसुनवाई कर रहा है। इसी उद्देश्य से वे भोपाल आई हैं ताकि महिलाओं की शिकायतों को सुनकर उनका समाधान किया जा सके। 50 मामलों की सुनवाई करेगी बेंच उन्होंने बताया कि भोपाल में महिलाओं से जुड़े करीब 50 मामलों की सुनवाई की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर, पुलिस कमिश्नर, संबंधित थानों के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहते हैं, जिससे कई मामलों का समाधान मौके पर ही हो जाता है। इस दौरान उन्होंने महिला आयोग की बेंच के समक्ष आए 50 मामलों की सुनवाई शुरू कर दी। उचित मंच पर रखेंगी बात मीडिया के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष का पद फिलहाल खाली है। इस संबंध में वे उचित मंच पर अपनी बात रखेंगी। समय से पहले पहुंचे अधिकारी आयोग की अध्यक्ष के सुनवाई के लिए पहुंचने से पहले ही भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और उनकी पूरी टीम पहुंच गई थी। दरअसल, पिछले साल आयोग अध्यक्ष की सुनवाई के दौरान कलेक्टर देर से पहुंचे थे, इस दौरान आयोग अध्यक्ष ने जमकर नाराजगी जताई थी और कहा था कि कलेक्टर ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया है। इसलिए इस बार ऐसी स्थिति नहीं बनने दी गई और कलेक्टर तथा उनकी पूरी टीम राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष के सुनवाई स्थल पहुंचने के पहले ही उनके वेलकम के लिए पहुंच गए।
