Homeमध्यप्रदेशदामाद की जान बचाने जाम खुलवा रहे ससुर की हत्या:राजगढ़ में पिकअप...

दामाद की जान बचाने जाम खुलवा रहे ससुर की हत्या:राजगढ़ में पिकअप चालक ने रॉड से हमला किया; अस्पताल ले जा रहे थे

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में अपने बीमार दामाद को इलाज के लिए राजस्थान ले जा रहे 60 वर्षीय ससुर की ट्रैफिक जाम खुलवाने के दौरान हत्या कर दी गई। विवाद कर रहे एक शराबी पिकअप चालक ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। दामाद की जान बचाने की जल्दी में बुजुर्ग ने अपनी चोट परिवार से छिपाई और 50 किलोमीटर तक सफर करते रहे। झालावाड़ के अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। खुजनेर थाना क्षेत्र के सिरंगी निवासी 60 वर्षीय भगवान सिंह अपने 45 वर्षीय दामाद मनोहर सिंह का इलाज कराने के लिए सोमवार सुबह कार से राजस्थान के झालावाड़ जा रहे थे। मनोहर सिंह को सांस की गंभीर बीमारी थी और राजगढ़ में इलाज से सुधार न होने पर उन्हें बड़े अस्पताल ले जाया जा रहा था। दोपहर करीब 12:22 बजे जब वे खिलचीपुर बस स्टैंड के पास पहुंचे, तो सिटी पोर्शन रोड पर भारी ट्रैफिक जाम में फंस गए। जाम खुलवाने उतरे, शराबी चालक ने रॉड से किया हमला जाम लगने का कारण हरिजन मोहल्ले के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन था, जिसने कुछ वाहनों को टक्कर मार दी थी। इस वजह से वहां विवाद हो रहा था और ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया था। दामाद को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए भगवान सिंह कार से उतरे और विवाद शांत कर जाम खुलवाने का प्रयास करने लगे। उन्होंने पिकअप चालक को वाहन हटाने के लिए कहा। तभी नशे में धुत राजपुर निवासी 26 वर्षीय पिकअप चालक कैलाश तंवर ने भगवान सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार हमला कर दिया। चोट छिपाकर 50 किमी तक किया सफर, झालावाड़ में तोड़ा दम हमले में सिर में गंभीर चोट लगने के बावजूद भगवान सिंह ने किसी से लड़ाई नहीं की। उनका एकमात्र लक्ष्य दामाद की जान बचाना था। उन्होंने तुरंत सिर पर गमछा बांधा और वापस कार में बैठ गए। उन्होंने अपने परिजनों को भी चोट की गंभीरता के बारे में नहीं बताया। कार जब लगभग 50 किलोमीटर आगे पहुंची, तब उनके सिर से तेजी से खून बहने लगा। परिजन उन्हें तुरंत राजस्थान के इकलेरा अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें 70 किलोमीटर दूर झालावाड़ रेफर किया गया। लेकिन, झालावाड़ पहुंचने पर डॉक्टरों ने भगवान सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की कार्रवाई- सीसीटीवी फुटेज से आरोपी गिरफ्तार इस घटना से परिवार और इलाके में भारी आक्रोश है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल की तस्वीरों के आधार पर कार्रवाई की। खिलचीपुर टीआई उमाशंकर मुकाती ने बताया कि आरोपी कैलाश तंवर को प्रेमपुरा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार सुबह खिलचीपुर अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सड़क की बदहाली और अतिक्रमण भी बना हादसे की वजह स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा केवल एक विवाद का नतीजा नहीं था, बल्कि सड़क की खराब स्थिति और ट्रैफिक कुप्रबंधन भी इसका बड़ा कारण है। करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क को ठेकेदार ने बस स्टैंड के पास खांडी बावड़ी रोड से लेकर झालावाड़ नाके तक काफी संकरा कर दिया है। इसके चलते यहां आए दिन ट्रैफिक जाम और विवाद की स्थिति बनी रहती है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here