मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सोशल मीडिया पर धर्मगुरु को लेकर जमकर बवाल हुआ। धर्मगुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ गुरुवार रात मुस्लिम समाज ने मोघट रोड थाना घेर लिया। बहस के बीच टीआई धीरेश धरवाल की कॉलर पकड़ी गई। पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने भीड़ को कंट्रोल करने लाठीचार्ज किया। वहीं इस दौरान भीड़ के बीच एक युवती से मारपीट भी हुई है। भीड़ में शामिल 8 से 10 युवकों ने बदसलूकी की। युवकों ने थप्पड़ मारे। सिर में चोट आई है। चेहरे पर सूजन है। रोते हुए युवती थाने पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समाज के धर्मगुरु को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। पोस्ट सामने आने के बाद समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई की मांग को लेकर रात में सैकड़ों लोग मोघट रोड थाने के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। देखिए बवाल की 5 तस्वीरें… पुलिस से बहस के बाद बढ़ा तनाव
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन माहौल लगातार तनावपूर्ण होता गया। कुछ लोगों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे धक्का-मुक्की और हंगामे में बदल गई। पुलिस बल बुलाकर स्थिति संभाली गई
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव बारंगे मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कंट्रोल रूम में तैनात विशेष पुलिस बल और पुलिस लाइन से रिजर्व फोर्स को भी बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर इलाके में पेट्रोलिंग शुरू की गई, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे नियंत्रण में आए। कांग्रेस नेता को हिरासत में लेकर छोड़ा
वहीं पुलिस ने भीड़ को भड़काने के आरोप में कांग्रेस नेता इमरान गौरी को भी हिरासत में लिया था। हालांकि बाद में एडिशनल एसपी महेंद्र तरानेकर को बताया गया कि इमरान गौरी भीड़ को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें और दो अन्य लोगों को छोड़ दिया। पुलिस बोली- दोषियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले व्यक्ति की भी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
