मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को दिल्ली दौरे के दौरान केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकातें की। सीएम ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.पी. महादेवस्वामी तथा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य प्रमुख हस्तियों से मुलाकात की। इस दौरे में प्रदेश के जल संसाधनों, शहरी पुनर्विकास, अधोसंरचना परियोजनाओं और कृषि व ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर संवाद हुआ। एनबीसीसी ने स्लम रिडेवलपमेंट में काम करने की इच्छा जताई नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के.पी. महादेवस्वामी ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की। मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को निगम के निर्माण, पुनर्विकास और परियोजना प्रबंधन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। श्री महादेवस्वामी ने प्रस्ताव रखा और बताया कि एनबीसीसी मध्यप्रदेश में स्लम पुनर्वास, शहरी पुनर्विकास तथा अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं में काम करने में रुचि रखता है। सी.आर. पाटिल से मुलाकात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री सी.आर. पाटिल से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश से संबंधित जल शक्ति विभाग के विभिन्न विषयों और प्रदेश से जुड़े लंबित मुद्दों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। दोनों के बीच प्रदेश में जल संसाधनों के विकास, पेयजल उपलब्धता तथा जल जीवन मिशन सहित जल शक्ति मंत्रालय से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। वित्त मंत्री से भी मिले सीएम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश से संबंधित विभिन्न लंबित वित्तीय विषयों, प्रदेश की विकासात्मक प्राथमिकताओं तथा राज्य के आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश के समग्र विकास, वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों से भी अवगत करवाया। शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की और मध्यप्रदेश से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान कृषि भवन दिल्ली में मप्र के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल और कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना भी मौजूद थे।
