बुखार, सर्दी-खांसी या गले में संक्रमण पर खुद एंटीबायोटिक लेना और आराम मिलते ही बंद करना खतरनाक हो सकता है। इससे बैक्टीरिया दवा-प्रतिरोधी बन सकते हैं। पहले 2-3 दिन में नियंत्रित होने वाले संक्रमण के इलाज में अब 10-15 दिन लग सकते हैं। डायबिटीज मरीजों में गंभीर संक्रमण का खतरा ज्यादा है। आईसीएमआर-एनआईआरईएच भोपाल के डायरेक्टर डॉ. राजनारायण तिवारी ने सोमवार को रवींद्र भवन में फार्मेसी काउंसिल के कार्यक्रम में यह जानकारी दी। वैश्विक शोध के मुताबिक, 2021 में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) से सीधे 11.4 लाख मौतें हुईं। 2050 तक सालाना 19.1 लाख मौतों का अनुमान है। कार्यक्रम में 70 संस्थानों के 1200 छात्र, 300 शिक्षक शामिल हुए। फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि एम्स भोपाल के डॉ. सागर खडंगा ने बिना प्रिस्क्रिप्शन के दवा न देने की शपथ दिलाई। पीसीआई अध्यक्ष डॉ. मोंटू एम पटेल ने नया फार्मेसी भवन बनाने की घोषणा की। एंटीबायोटिक कब लें, कब नहीं… गलत इस्तेमाल से क्या खतरे हैं, जानिए 8 जरूरी सवालों के जवाब 1. एंटीबायोटिक लेने पर भी संक्रमण ठीक क्यों नहीं होता?
बार-बार गलत तरीके से एंटीबायोटिक लेने पर कुछ बैक्टीरिया दवा के असर से बचने की क्षमता विकसित कर लेते हैं। इनमें आनुवंशिक बदलाव भी हो सकते हैं। इससे पहले असर करने वाली दवा बेअसर हो जाती है। इसे एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस कहते हैं। 2. सर्दी-खांसी में एंटीबायोटिक सही है?
वायरल सर्दी-खांसी में एंटीबायोटिक काम नहीं करती। ये बैक्टीरिया पर असर करती हैं, वायरस पर नहीं। डॉक्टर से संक्रमण का कारण जाने बिना एंटीबायोटिक न लें। 3. मेडिकल स्टोर से खुद एंटीबायोटिक खरीदना कितना खतरनाक है?
इंटरनेट या एआई से लक्षण देखकर बीमारी तय करना जोखिम भरा है। कई लोग मेडिकल स्टोर से एंटीबायोटिक खरीदकर आराम मिलते ही बंद कर देते हैं। इससे संक्रमण पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकता। दवा और उसकी अवधि डॉक्टर तय करें। 4. दूध-सब्जी, पानी से खतरा बढ़ता है?
पशुपालन में एंटीबायोटिक का अनावश्यक इस्तेमाल और दवाओं के कचरे का गलत निपटान मिट्टी-पानी को प्रभावित करता है। दवा-प्रतिरोधी बैक्टीरिया पर्यावरण में फैल सकते हैं। दूषित पानी और खाद्य श्रृंखला से इंसानों तक पहुंच सकते हैं। 5. शुगर मरीजों को ज्यादा खतरा क्यों?
शुगर नियंत्रित नहीं रहने पर संक्रमण का खतरा बढ़ता है। घाव और संक्रमण गंभीर हो सकते हैं। दवा-प्रतिरोधी बैक्टीरिया से इलाज मुश्किल होता है। संक्रमण खून में फैलने से सेप्सिस और कई अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। 6. एएमआर से इलाज महंगा होता है?
सामान्य एंटीबायोटिक बेअसर होने पर दूसरी महंगी दवाएं देनी पड़ती हैं। अतिरिक्त जांच और अस्पताल में भर्ती की जरूरत बढ़ सकती है। इससे इलाज लंबा चलता है। 7. कौन-सी दवा असर करेगी?
जरूरत पड़ने पर डॉक्टर कल्चर और एंटीबायोटिक सेंसिटिविटी टेस्ट कराते हैं। इससे पता चलता है कि संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया पर कौन-सी दवा असर करेगी और कौन-सी नहीं। रिपोर्ट से डॉक्टर प्रभावी एंटीबायोटिक चुन सकते हैं। 8. एएमआर से बचने के लिए क्या करें?
डॉक्टर की सलाह बिना एंटीबायोटिक न लें। बची पुरानी दवा दोबारा न लें। खुद दवा बंद न करें या अवधि न बढ़ाएं।
-डॉ. राजनारायण तिवारी, डायरेक्टर, आईसीएमआर-एनआईआरईएच, भोपाल
