Homeमध्यप्रदेशरहवासी में कारोबार पर सुप्रीम कोर्ट सख्त:कहा- आज जहां घर है, कल...

रहवासी में कारोबार पर सुप्रीम कोर्ट सख्त:कहा- आज जहां घर है, कल वहां होटल खुल जाता है; नियम तोड़ने की निगम स्तर पर कीमत तय

आज जहां घर है, कल वहां होटल खुल जाता है। नगर निगम स्तर पर नियमों के उल्लंघन की मानो एक कीमत तय है। चुनाव के समय अवैध निर्माणों को मंजूरी देना नियमों का पालन करने वाले ईमानदार नागरिकों के साथ अन्याय है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को रिहायशी इलाकों में अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान नगर निगमों की कार्यप्रणाली पर यह सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने सुनवाई का दायरा भी स्पष्ट किया। जस्टिस बीवी नागरत्ना की पीठ ने सोमवार को इस मामले की सुनवाई की। सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी… इन 3 बातों से समझिए… अवैध निर्माण में अधिकारियों की मिलीभगत पर नाराजगी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि निगमों के अधिकारी जानबूझकर या मिलीभगत से अवैध निर्माण होने देते हैं। इमारत बनने के बाद दिखावटी निरीक्षण किया जाता है। चुनाव से पहले राज्य सरकारें योजनाओं के जरिए ऐसे निर्माण नियमित कर देती हैं। कानून तोड़ना चतुराई समझने की मानसिकता… कोर्ट ने अनुच्छेद 51A का हवाला देकर कहा कि कानून का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है। इसके बावजूद लोग 3-4 मंजिल की अनुमति लेकर 8 मंजिल बनाते हैं और रिश्वत देकर नियमों का उल्लंघन करते हैं। रिहायशी में व्यावसायिक गतिविधियों पर सवाल… कोर्ट ने पूछा कि आवासीय कॉलोनियों में होटल, रेस्टोरेंट, गेम पार्लर और बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियां कैसे संचालित हो रही हैं। इससे रहवासियों का जीवन प्रभावित होने के साथ सड़कों, ड्रेनेज और ट्रैफिक पर भी दबाव बढ़ता है। राज्यों से मांगा जवाब और ठोस सुझाव: सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से हलफनामा मांगा है। उन्हें नगर निगम आयुक्तों या संबंधित सचिवों के माध्यम से बताना होगा कि बिल्डिंग नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे। अब कहां-क्या होगा… सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई का दायरा स्पष्ट किया सुप्रीम कोर्ट अब किन मुद्दों पर सुनवाई करेगा?
सुप्रीम कोर्ट में देशभर में बिल्डिंग नियमों का पालन सुनिश्चित करने, अवैध निर्माण रोकने और नगर निगमों की जवाबदेही तय करने पर सुनवाई होगी। कोर्ट नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के तरीके भी तय करेगा। जिनकी संपत्ति सील हुई या निर्माण तोड़ा गया, वे कहां जाएंगे?
सीलिंग और तोड़फोड़ से प्रभावित लोग व्यक्तिगत राहत के लिए संबंधित हाई कोर्ट या ट्रिब्यूनल जा सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट में अब बिल्डिंग नियमों और नगर निगमों की जवाबदेही जैसे नीतिगत मुद्दों पर सुनवाई होगी। भोपाल के लोगों को इससे क्या फायदा होगा?
अरेरा कॉलोनी समेत मप्र के प्रभावित रहवासी अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और निर्माणों के खिलाफ जबलपुर हाई कोर्ट जा सकेंगे। रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने वास्तविक स्थिति छिपाकर कोर्ट को गुमराह किया। क्या पुराने मामले फिर खुल सकेंगे?
अक्टूबर में हाई कोर्ट ने सीलिंग-तोड़फोड़ के करीब 150 मामले निराकृत कर निगम को नियमानुसार कार्रवाई की छूट दी थी। अब प्रभावित पक्ष फिर हाई कोर्ट जा सकेंगे। याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी ने लिखित आदेश के बाद विधिक राय लेकर पक्ष रखने की बात कही। अवैध निर्माणों पर सुप्रीम कोर्ट आगे क्या करेगा?
सुनवाई के दौरान न्याय मित्र (एमिकस क्यूरी) वरिष्ठ अधिवक्ता अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले की सुनवाई के दौरान देशभर में अवैध निर्माणों से जुड़े हादसों में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है। भोपाल में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। सुप्रीम कोर्ट 6 जनवरी 2027 को बिल्डिंग नियमों के पालन और नीतिगत सुधारों पर सुनवाई करेगा। राज्यों से छह सप्ताह में हलफनामा मांगा गया है।
सुनवाई कर रही पीठ क्यों बदली गई?
लोगनाथन बनाम तमिलनाडु राज्य मामले की सुनवाई पहले जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ कर रही थी। जस्टिस अमानुल्लाह व्यक्तिगत संपत्ति और निर्माण विवादों को देशव्यापी जनहित याचिका के रूप में सुन रहे थे, जबकि उनके आधिकारिक रोस्टर में जनहित याचिकाओं की सुनवाई शामिल नहीं थी। रोस्टर के उल्लंघन का मामला सामने आने पर सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने पांच वरिष्ठ न्यायाधीशों से सलाह ली और 18 नवंबर को जस्टिस अमानुल्लाह की पीठ से केस वापस ले लिया। इसके बाद मामला जस्टिस बीवी नागरत्ना की पीठ को सौंपा गया, जिसने सोमवार को पहली बार सुनवाई की।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here