मध्य प्रदेश में बारिश-बादलों वाला मौसम खत्म हो गया है। अब तेज ठंड का दौर शुरू होगा। अगले 4 दिन में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग के शहरों में ज्यादा ठंड रहेगी। मौसम विभाग (IMD), भोपाल के अनुसार- चक्रवात ‘अकवान’ और ट्रफ की वजह से पूर्वी हिस्से में पिछले 4 दिन से बारिश हो रही थी। इस वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। सोमवार को मौसम साफ रहा। हालांकि, बैतूल समेत कई शहरों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। वहीं, बीती रात 14 शहरों में ही तापमान 15 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में सबसे कम 12.4 डिग्री रहा। वहीं, ग्वालियर में 12.8 डिग्री, शिवपुरी में 13 डिग्री, दतिया में 13.3 डिग्री, दमोह में 13.4 डिग्री, रायसेन-रतलाम में 13.5 डिग्री, श्योपुर में 13.6 डिग्री, धार में 14.1 डिग्री, खरगोन में 14.2 डिग्री, गुना-खंडवा में 14.4 डिग्री, उज्जैन में 14.5 डिग्री और नौगांव में 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में कड़ाके की ठंड, अब एमपी में भी ऐसा मौसम राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, उत्तरी हिस्से में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। पहाड़ों में बर्फबारी भी हो रही है। ऐसे में अब एमपी में भी ठंड जोर पकड़ेगी। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के अंदर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट होने का अनुमान जताया है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग के शहरों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा। यहां पर उत्तरी हवाएं सीधे आती है। इससे न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे रह सकता है। अब, नवंबर के मौसम को जानिए मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर और बढ़ेगा। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में, जहां उत्तरी हवाएं सीधी आती हैं, वहां पारा लुढ़केगा। ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में रात का टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 2.3 डिग्री तक जा चुका है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर में इस महीने बारिश का ट्रेंड है। इस बार नवंबर के शुरुआत में ही बारिश का अलर्ट है। तीसरे और चौथे सप्ताह में सिस्टम एक्टिव होने से भी बारिश हो सकती है। जानिए, नवंबर में 5 बड़े शहरों का मौसम… भोपाल: 10 साल में 3 बार बारिश हो चुकी नवंबर में रात का तापमान राजधानी में 9 से 12 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है। पिछले 10 साल से ऐसा ही ट्रेंड रहा है। इस बार भी दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से लुढ़केगा। मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में नवंबर में रात का तापमान 6.1 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह 30 नवंबर 1941 को दर्ज किया गया था। इस महीने बारिश होने का ट्रेंड भी है। 10 साल में तीन बार बारिश हो चुकी है। साल 1936 में महीने में साढ़े 5 इंच से ज्यादा पानी गिर चुका है। इंदौर: 5.6 डिग्री तक जा चुका न्यूनतम पारा इंदौर में ठंड का असर रहता है। खास कर दूसरे सप्ताह से पारा तेजी से गिरता है। इस वजह से रातें ठंडी हो जाती हैं और टेम्प्रेचर 10 से 12 डिग्री के बीच रहता है। हालांकि, 25 नवंबर 1938 को पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक जा चुका है। कभी-कभार बारिश भी हो जाती है। दिन में 31 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। ग्वालियर: 1927 में 3 इंच पानी गिरा था पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्वालियर में पारा 8 डिग्री तक पहुंच चुका है। 54 साल पहले वर्ष 1970 में टेम्प्रेचर 3 डिग्री तक पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। 2 नवंबर 2001 को दिन का तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि यह सामान्य तौर पर 33 से 35 डिग्री के बीच रहता है। इस महीने बारिश भी होती है। 1927 में पूरे महीने 3 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में 3 बार ऐसा ही मौसम रह चुका है। जबलपुर: 1946 में 6 इंच से ज्यादा बारिश पिछले 10 साल में 2022 में न्यूनतम पारा 7.8 डिग्री तक जा चुका है। ओवरऑल रिकॉर्ड 12 नवंबर 1989 को दर्ज किया गया था, तब टेम्प्रेचर 3.9 डिग्री तक पहुंच गया था। 1946 में पूरे महीने 6 इंच से ज्यादा पानी गिरा था। 10 साल में दो बार बारिश हो चुकी है। दिन में 30 से 33 डिग्री के बीच तापमान रहता है। उज्जैन: न्यूनतम तापमान 10-11° के बीच रहता है यहां 30 नवंबर 1974 को रात का तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। वहीं, 6 नवंबर 2008 को दिन का तापमान 36.5 डिग्री रहा था। पिछले 10 साल की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10-11 डिग्री के बीच रहा है, जबकि दिन में यह 33 से 35 डिग्री के बीच पहुंच चुका है।
