मंडीदीप के छींद धाम भक्त मंडल ने 108 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि पर गुरुवार को भोपाल के रवींद्र भवन में मंडल के छह सदस्यों को सम्मानित किया गया। इसी रात दादागुरु भगवान मंडीदीप पहुंचे, जहां भक्त मंडल के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। यहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ भी हुआ। रवींद्र भवन में छह सदस्यों को किया सम्मानित भोपाल के रवींद्र भवन में ‘राष्ट्र धर्म सेवा संकल्प समारोह’ आयोजित किया गया। इसका आयोजन डॉ. क्षमा धोड़पकर फाउंडेशन, नर्मदा मिशन और हर हेल्थ ने मिलकर किया था। कार्यक्रम में नर्मदा मिशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रिया भावे चित्तावर ने दादागुरु भगवान की मौजूदगी में मंडल के संरक्षक और समाजसेवी जगदीश प्रसाद शंकरलाल सोनी, दीनू मीणा, राधेश्याम साहू, घनश्याम अजमेरिया, प्रताप पाल और शुभम खटीक को सम्मानित किया। 108 दिनों में 6 हजार से ज्यादा पौधे लगाए समारोह में दादागुरु भगवान की प्रेरणा से 17 जुलाई को शुरू हुए 108 दिवसीय महावृक्षारोपण अभियान की पूर्णता भी मनाई गई। अभियान के तहत प्रतिदिन 11 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया था। इसके लिए 1188 पौधों का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन अभियान में 6 हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए। नागरिकों और संस्थाओं ने इन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के मंगलाचरण से हुई। खुशी अहिरवार ने स्वागत नृत्य और नूतन कॉलेज की कथक छात्रा ने नर्मदाष्टक की प्रस्तुति दी। दादागुरु भगवान ने कहा कि 108 दिनों का समापन हुआ है, लेकिन संकल्प का नहीं। धरती को हरा-भरा रखने के लिए पौधों का संरक्षण जरूरी है। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, विश्वास सारंग, आशीष शर्मा, महापौर मालती राय और राज्यसभा सांसद माया नारोलिया सहित कई लोग मौजूद रहे। मंडीदीप में दादागुरु के साथ हुआ सामूहिक पाठ भोपाल के कार्यक्रम के बाद गुरुवार रात दादागुरु भगवान समाजसेवी जगदीश प्रसाद सोनी के मंडीदीप स्थित घर पहुंचे। छींद धाम भक्त मंडल के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद यहां सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ हुआ, जिसमें कई भक्त शामिल हुए। साप्ताहिक पाठ में अब 150 से 200 श्रद्धालु आ रहे पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि 28 सितंबर को दादागुरु के पहले आगमन से पहले मंडल के साप्ताहिक पाठ में करीब 50 से 60 लोग शामिल होते थे। उनके आशीर्वचन के बाद हर मंगलवार होने वाले पाठ में अब 150 से 200 श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंडल के 108 पाठ पूरे होने के बाद भी यह सिलसिला जारी है। अब तक मंडल 117 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर चुका है।
