देवास में TI दिलीप पुरी को आईसर से कुचलने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के अलग-अलग जगह शॉर्ट एनकाउंटर किए हैं। दोनों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश के दौरान पुलिसकर्मियों से बंदूक छीनी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। पहले मुख्य आरोपी आईसर चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू राठौड़ को अलीराजपुर से खातेगांव ले जाते समय गोली लगी थी। अब इसी मामले के सह आरोपी धीरज का BNP थाना क्षेत्र में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ है। पुलिस के मुताबिक, धीरज ने पुलिस अभिरक्षा से भागने के लिए पुलिसकर्मी से हथियार छीना और हमला करने की कोशिश की। चेतावनी के बाद भी नहीं रुका तो पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। धीरज को जिला अस्पताल देवास में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पंक्चर सुधारते समय अक्कू ने छीनी थी बंदूक पुलिस के मुताबिक, अक्कू को अलीराजपुर से खातेगांव ले जाते समय रास्ते में पुलिस वाहन पंक्चर हो गया था। पुलिसकर्मी पंक्चर ठीक कर रहे थे, तभी उसने ASI की बंदूक छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी गोली उसके दाहिने पैर के निचले हिस्से में लगी। उसे जिला अस्पताल देवास ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद वैस्कुलर इंटरवेंशन के लिए इंदौर रेफर किया गया, जहां अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया। TI को कुचलकर मार डाला था 1 और 2 नवंबर की दरमियानी रात खातेगांव TI दिलीप पुरी अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने आईसर चालक को नीचे उतरने को कहा, लेकिन चालक ने वाहन डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इस दौरान आईसर का पिछला पहिया TI के ऊपर से गुजर गया। करीब दो घंटे तक CPR और इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। वाहन जब्त कर लिया गया था, जबकि चालक फरार हो गया था। CM ने पुलिस को दिया था फ्री हैंड TI की मौत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता और पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति पर SI बनाने की घोषणा की थी। मंगलवार को CM हाउस में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा कि शराब तस्करी रोकने के लिए पुलिस को फ्री हैंड है। हर जिले में वाहनों की जांच, सीमावर्ती जिलों में विशेष अभियान और शराब दुकानों की निगरानी बढ़ाने को कहा। शराब कारोबार से जुड़े लोगों पर भी कार्रवाई
मामले में पुलिस ने अलीराजपुर से शराब कारोबारी केरम सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, TI को कुचलने वाले ट्रक में लदी शराब उसी की थी। हरदा के शराब कारोबारी राहुल जायसवाल को भी देवास SIT अपने साथ ले गई थी। राहुल ने पहले भास्कर से बातचीत में शराब दुकान अपने रिश्तेदार पाटन जायसवाल की बताई थी और किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया था। हरदा जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने के मुताबिक, भारतींद्र जायसवाल से जुड़ी तीन शराब दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। ADEO अमरसिंह बघेल और दो आबकारी आरक्षक अरुण कुंभारे व कृष्णपाल सिंह डोडिया को सस्पेंड किया गया। टिमरनी की शराब दुकान सील की गई है। देवास SP आदित्य मिश्रा ने जांच के लिए SIT बनाई है। DGP उपेंद्र जैन ने कहा कि शराब तस्करी नेटवर्क के कनेक्शन सामने आए हैं और पुलिस इसकी जड़ तक जाएगी। पत्नी को SI की नौकरी, परिवार को 1 करोड़ की सहायता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने TI दिलीप पुरी की मौत पर शोक जताते हुए उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति के तहत सब इंस्पेक्टर (SI) का पद देने की भी घोषणा की गई थी। दिलीप पुरी मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के बरमंडल गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं। उनके पिता ओमप्रकाश पुरी किसान होने के साथ कांग्रेस नेता हैं। दिलीप पुरी पहले सरकारी शिक्षक थे। वे धार जिले के बदनावर विकासखंड में शिक्षक के पद पर कार्यरत रहे थे। उनकी पार्थिव देह को तिरंगे में लपेटकर पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया था। पैतृक गांव बरमंडल में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ADEO और दो आबकारी आरक्षक सस्पेंड TI की मौत के मामले में आबकारी विभाग ने भी कार्रवाई की थी। हरदा के जिला आबकारी अधिकारी सुनील भोजने के मुताबिक, भारतेन्द्र जायसवाल से जुड़ी तीन शराब दुकानों के लाइसेंस रद्द किए गए थे। सहायक जिला आबकारी अधिकारी (ADEO) अमरसिंह बघेल और दो आबकारी आरक्षक अरुण कुम्बरे तथा कृष्णपाल सिंह डोडिया को निलंबित किया गया था। टिमरनी की शराब दुकान को भी सील किया गया था। केरम सिंह गिरफ्तार, राहुल से SIT ने की पूछताछ पुलिस ने शराब कारोबारी केरम सिंह को आलीराजपुर जिले के बेहड़वा से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, TI को कुचलने वाले ट्रक में केरम सिंह की शराब रखी हुई थी। वहीं, हरदा के शराब कारोबारी राहुल जायसवाल सोमवार दोपहर दिल्ली से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां देवास SIT की टीम उन्हें अपने साथ ले गई थी। राहुल ने इससे पहले भास्कर से कहा था कि शराब की दुकान उनके रिश्तेदार पाटन जायसवाल की है और वहां भूपेंद्र सिंह राणा मैनेजर हैं। उन्होंने मामले से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया था। मामले की जांच के लिए देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने SIT गठित की थी। पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन ने कहा था कि शराब तस्करी नेटवर्क की कड़ियां सामने आ चुकी हैं। पुलिस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करेगी। देवास में जहरीली शराब से मौतों के बाद भी उठे थे सवाल इससे पहले देवास जिला मुख्यालय से करीब 7 किलोमीटर दूर चंदाना और बिंजाना गांव में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था। ग्रामीणों ने दोनों गांवों में 20 दिन के भीतर 13 से ज्यादा लोगों की मौत होने का दावा किया था। कई लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, मौतों का सिलसिला 27 सितंबर से शुरू हुआ था। शराब पीने के बाद लोगों को पेट दर्द, चक्कर, घबराहट और उल्टी की शिकायत हुई थी। कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई थी। जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदले गए थे। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत तीन आबकारी अधिकारियों को भी निलंबित किया गया था। अब शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान TI की मौत और आरोपी ड्राइवर को पुलिस की गोली लगने की घटना ने जिले में अवैध शराब के कारोबार को फिर चर्चा में ला दिया है। ————–
यह खबर भी पढ़ें रिटायर्ड IAS की हत्या का आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी केयर टेकर वरुण कुमार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे उसे शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया। उसके पैर में पुलिस की गोली लगी। पढ़ें पूरी खबर
