विदिशा में पुलिस ने एक युवक को 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। जब्त नशे की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक, रविवार की रात टीम इलाके में गश्त कर रही थी। करारिया-अंबानगर रोड पर ग्राम बमुरिया के प्रतीक्षालय के पास एक युवक संदिग्ध हालत में दिखा। पुलिस टीम ने उसे घेरकर पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 12 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोहित बघेल (33) बताया। वह ग्राम अरबरिया बेरखेड़ी, थाना करारिया चौराहा का निवासी है। पुलिस ने नशा जब्त कर उसे गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। विदिशा पुलिस ने कहा कि जिले में नशे की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से नशे के कारोबार की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।
