हिल स्टेशन पचमढ़ी में एसटीआर (सतपुड़ा टाइगर रिजर्व) की सीमा से लगे सेना के एजुकेशन सेंटर के खेल मैदान में एक बायसन ने जवान पर हमला कर दिया। बायसन का सींग हृदय के पास घुसने और पेट में गंभीर चोटें आने से देहरादून निवासी जवान आकाश चौहान (26) की मौत हो गई। पचमढ़ी पुलिस ने शव बरामद कर लिया है, जिसका पोस्टमार्टम शनिवार को भोपाल में सेना अधिकारियों की मौजूदगी में होगा। थाना प्रभारी गोपाल कुमार ने बताया कि 17वीं कमांड रेजिमेंट के जवान आकाश भाषा प्रशिक्षण के लिए पचमढ़ी आए थे। गुरुवार देर शाम साथियों के साथ फुटबॉल खेलकर मैदान की सीढ़ियों पर बैठने के दौरान बायसन ने अचानक हमला कर दिया। साथी जवानों ने भागकर जान बचाई। एसटीआर की क्षेत्र संचालक राखी नंदा ने बताया कि इलाके में बायसन का झुंड घूम रहा था। वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी रख रही है।
