भोपाल मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के चलते आईटीआई तिराहे से पिपलानी पेट्रोल पंप तिराहे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने 27 अक्टूबर से 17 नवंबर 2026 तक डायवर्जन प्लान लागू किया है। इस दौरान प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा, अवधपुरी, जेके रोड और मिनाल की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा। पुलिस के मुताबिक, प्रभात चौराहे से जेके रोड, मिनाल और पिपलानी पेट्रोल पंप की ओर जाने वाले वाहन आईटीआई तिराहा पुलिया से पहले गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर-सी में प्रवेश कर अनंत श्री अस्पताल से मुड़कर पिपलानी पेट्रोल पंप चौराहे पहुंच सकेंगे। वहीं, प्रभात चौराहे से गोविंदपुरा और अवधपुरी की ओर जाने वाले हल्के वाहन और दोपहिया वाहन आईटीआई तिराहे से दाएं मुड़कर हेमा स्कूल तिराहे के रास्ते जा सकेंगे। पिपलानी पेट्रोल पंप से प्रभात चौराहे की ओर जाने वाले भारी वाहन पिपलानी थाने के सामने से महात्मा गांधी चौराहा, कैरियर कॉलेज तिराहा और आईटीआई तिराहे होते हुए आगे जा सकेंगे। इसी दिशा में जाने वाले हल्के वाहन और दोपहिया वाहन जुबली गेट, बीएचईएल से बाएं मुड़कर बरखेड़ा चौराहा और कैरियर कॉलेज तिराहे के रास्ते निकल सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस की अपील ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्माण अवधि के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे।
