ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार रात हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति संजय शर्मा के दोनों पैर कुचल गए थे। हादसे में उनके बड़े भाई महेश शर्मा और मासूम बेटे शौर्य शर्मा की पहले ही मौत हो चुकी है। संजय शर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए सोमवार रात करीब 12:10 बजे उन्हें एयर एम्बुलेंस के जरिए ग्वालियर से भोपाल AIIMS के लिए एयरलिफ्ट किया है। सीएम ने अधिकारियो को दिए थे निर्देश शाम को मुख्यमंत्री के दौरे और व्यक्तिगत प्रयासों के बाद संजय को बेहतर और त्वरित इलाज के लिए भोपाल एयरलिफ्ट कराने की व्यवस्था की गई। दो बेटों, पत्नी और भाई के साथ पहुंचे थे शनिवार को संजय शर्मा परिवार के साथ बैराड़ में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद वे सहसराम गांव में अपने भाइयों से मिलने पहुंचे। यहां से संजय अपने बड़े भाई महेश को साथ लेकर ग्वालियर आ गए। संजय यहां मकान बनवा रहे हैं और चाहते थे कि महेश निर्माण कार्य की देखरेख करें। इसके बाद संजय अपने दोनों बेटों, पत्नी छाया और भाई महेश के साथ शीतला माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। रात करीब 1:30 बजे हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
