राज्य सरकार ने भोपाल और जबलपुर नगर निगम आयुक्त समेत 4 आईएएस अफसरों के रविवार रात तबादले किए हैं। इन अधिकारियों को नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा वित्त विभाग से जुड़े अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा रविवार देर रात जारी आदेश में भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ष 2015 बैच की अधिकारी संस्कृति जैन के पास अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार भी था। इसके अलावा अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ष 2017 बैच की अधिकारी अंजू अरुण कुमार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी भोपाल तथा अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं। जीएडी के आदेश में रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त बनाया गया है। वर्ष 2018 बैच के अधिकारी प्रमोटी आईएएस रामप्रकाश अहिरवार नगर पालिक निगम जबलपुर के आयुक्त हैं। उन्हें आयुक्त, नगर पालिक निगम भोपाल के साथ तथा अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्ष 2020 बैच के अधिकारी अग्रिम कुमार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत छिंदवाड़ा के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें आयुक्त, नगर पालिक निगम जबलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई बार देखी गई जनप्रतिनिधियों की नाराजगी भोपाल नगर निगम की कमिश्नर संस्कृति जैन के तबादले के पीछे जनप्रतिनिधियों की नाराजगी बताई जा रही है। परिषद की पिछली बैठक में अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की नाराजगी खुलकर सामने आई थी। कुर्सी पर न होने पर अध्यक्ष सूर्यवंशी ने आसंदी से निर्देश दिए थे। इधर, मेयर इन कौंसिल की मीटिंग में कई बार एमआईसी मेंबर्स की नाराजगी देखने को मिल चुकी है। दूसरी ओर, रहवासी इलाकों में कमर्शियल एक्टिविटी को लेकर कोर्ट में सवाल-जवाब पर भी नाराजगी दिख चुकी है। नए कमिश्नर के सामने बड़ी चुनौती
भोपाल नगर निगम के नए कमिश्नर के तौर पर अहिरवार को पदस्थ किया है। उनके सामने रहवासी इलाकों में व्यवसायिक गतिविधियों पर रोक की चुनौती है। अगली सुनवाई में नगर निगम को जवाब प्रस्तुत करना है। ऐसे में सीलिंग की कार्रवाई, जबाव आदि को लेकर अहिरवार को समन्वय बनाना होगा।
