भोपाल में दशहरा पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। रावण दहन के प्रमुख कार्यक्रमों और श्री रामविजय रथ यात्रा के चलते कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। नगरीय यातायात पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, शाम 5 बजे के बाद जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में डायवर्जन लागू किया जाएगा। शहर के 18 प्रमुख दशहरा मैदानों पर रावण दहन के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन भी निकाला जाएगा। इन रास्तों से शहर में नहीं आ सकेंगे भारी वाहन 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। छोला मैदान जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते भानपुर चौराहे से छोला दशहरा मैदान की ओर केवल उन्हीं हल्के और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जिन्हें रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होना है। नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते जा सकेंगे। विदिशा और बैरसिया की ओर से आने वाली नादरा बस स्टैंड और पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। रथ यात्रा के दौरान इन रास्तों पर रहेगी रोक श्री रामविजय रथ यात्रा बांके बिहारी मंदिर, मारवाड़ी रोड से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी। रथ यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहा और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रथ यात्रा के छोला रोड में प्रवेश करने पर छोला दशहरा मैदान जाने वाले वाहन काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज होते हुए पहुंच सकेंगे। छोला मैदान में यहां करें पार्किंग छोला दशहरा मैदान पहुंचने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के पास निर्धारित की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। भेल दशहरा मैदान जाने वालों के लिए भी बदले रास्ते भेल दशहरा मैदान में रावण दहन के दौरान चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के आसपास यातायात का दबाव रहेगा। एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहा पहुंच सकते हैं। यहां से बाएं मुड़कर जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान होते हुए बीएचईएल और अवधपुरी की ओर जा सकेंगे। सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पथ संचलन का असर दशहरा पर्व पर शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। इन 18 मैदानों पर होगा रावण दहन बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विट्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड में रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे। इन मैदानों की ओर जाने वाले रास्तों पर जरूरत के मुताबिक यातायात डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लें और निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।
