अशोकनगर शहर में विनीत टॉकीज के पास रविवार शाम 30 वर्षीय रुकसार खान का शव घर की दूसरी मंजिल पर बने किचन में फंदे पर लटका मिला। रुकसार अपने 102 वर्षीय पिता चांद खान के साथ रहती थी। दक्षिण कोरिया में रह रही उसकी बहन सवाना शनिवार से उससे संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बात नहीं हो पा रही थी। इसके बाद उसने भोपाल पुलिस को सूचना दी। वहां से जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस घर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और मामले की जांच की जा रही है। पिता ने कहा- ऊपर किचन में खाना बना रही होगी
जानकारी के अनुसार, सवाना लगातार अपनी बहन से फोन पर संपर्क करने का प्रयास कर रही थी। संपर्क नहीं होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस रुकसार के घर पहुंची और उसके पिता चांद खान से बेटी के बारे में पूछा। पिता ने बताया कि वह ऊपर किचन में खाना बना रही होगी। पुलिस जब घर की दूसरी मंजिल पर बने किचन में पहुंची तो रुकसार का शव लोहे के कुंदे से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर शव को नीचे उतारा। दक्षिण कोरिया में रहती है बहन
रुकसार अपने बुजुर्ग पिता के साथ घर में रह रही थी। उसकी बहन सवाना कुछ समय पहले दक्षिण कोरिया चली गई थी। इसके बाद से रुकसार घर पर पिता के साथ रह रही थी। शनिवार से बहन का संपर्क नहीं हो पाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिवार में पहले भी हो चुकी हैं मौतें
परिवार के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चांद खान ने चार शादियां की थीं। इनमें से एक पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी, जबकि दो अन्य पत्नियों की अलग-अलग कारणों से मौत हो गई थी। चौथी पत्नी की चार बेटियां थीं। बताया गया है कि इनमें से दो बेटियों ने भी कुछ साल पहले आत्महत्या कर ली थी। परिवार में रुकसार, उसकी बहन सवाना और पिता चांद खान रह गए थे। पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिता की उम्र अधिक होने के कारण उन्हें सुनने और बोलने में परेशानी है। फिलहाल युवती की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
