नरसिंहपुर जिले में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पूर्व राज्य मंत्री जालम सिंह पटेल ने एक और बयान दिया है। उन्होंने गाडरवारा के एनटीपीसी (NTPC) क्षेत्र को नशे का मुख्य केंद्र बताते हुए गहरी चिंता जताई है। रविवार को नरसिंहपुर में आयोजित सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में ऑनलाइन नशा बिक्री का मुद्दा उठाने के बाद, पटेल ने जिले में तेजी से फैल रहे स्मैक के नेटवर्क पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद इस अवैध धंधे पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पा रही है। पूर्व मंत्री के इस बयान के बाद अब गाडरवारा के एनटीपीसी क्षेत्र में नशे की सप्लाई चेन, पुलिस की निगरानी और अब तक हुई कार्रवाइयों को लेकर नए सिरे से सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस क्षेत्र को नशे का गढ़ बताए जाने को लेकर पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों और पुष्टि का इंतजार है। स्मैक और ऑनलाइन सप्लाई से बिगड़ रहे हालात जालम सिंह पटेल ने बताया कि पहले जिले के कुछ इलाकों में अफीम का इस्तेमाल होता था, लेकिन अब उसकी जगह स्मैक ने ले ली है। स्मैक की लत युवाओं के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक स्वास्थ्य को तबाह कर रही है। नशे की पूर्ति के लिए कई युवा चोरी जैसी आपराधिक गतिविधियों में भी संलिप्त हो रहे हैं। पूर्व मंत्री ने ऑनलाइन माध्यमों से नशीली दवाओं और प्रतिबंधित सिरप-गोलियों की होम डिलीवरी पर भी आशंका जताई। उन्होंने कहा कि कूरियर और पार्सल के जरिए नशीले पदार्थ सीधे युवाओं तक पहुंच रहे हैं, जिसकी भनक उनके परिवार वालों को भी नहीं लग पाती। पुलिस और समाज से संयुक्त प्रयास की अपील जालम सिंह पटेल ने स्वीकार किया कि पुलिस प्रशासन समय-समय पर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करता है और जनप्रतिनिधि भी इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा करते हैं। इसके बावजूद अब तक इस समस्या का जड़ से खात्मा नहीं हो सका है। उन्होंने युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर एक सख्त और संयुक्त अभियान चलाने की बात कही है। पूर्व मंत्री के खुलासे के बाद अब हर किसी की नजरें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं कि गाडरवारा के एनटीपीसी क्षेत्र और जिले भर में फैले इस नेटवर्क पर कितनी जल्द और सख्त कार्रवाई की जाती है। ये खबर भी पढ़ें- CM से बोले पूर्व मंत्री-MP में ऑनलाइन बिक रहा नशा: जालम सिंह ने कहा- विदेशी ताकतें बच्चों को बर्बाद कर रहीं, 5-6 कंपनियों को सबक सिखाना जरूरी मध्यप्रदेश में ऑनलाइन नशा बेचने वाली कंपनियों का मुद्दा रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने उठा। नरसिंहपुर में पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि विदेशी ताकतें नशे के जरिए बच्चों को बर्बाद करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि 5-6 कंपनियां ऑनलाइन नशा पहुंचा रही हैं। इन्हें दंड देने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से नशे से दूर रहने की अपील भी की। पढ़ें पूरी खबर..
