ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में 6 से 12 अक्टूबर तक चले उमा सांझी महोत्सव के अंतर्गत वर्ष में एक बार निकाली जाने वाली उमा माता जी की सवारी शाम 4 बजे राजसी ठाठ-बाट से निकाली गई। पांच दिवसीय उमा सांझी महोत्सव के बाद अश्विन शुक्ल द्वितीया (चंद्र दर्शन) को परंपरानुसार उमा माताजी रजत पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलीं। इसके पहले सभा मंडपम् में पूजन अर्चन किया गया। पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने पालकी में विराजमान उमा माता को सलामी दी। माता के दर्शन लाभ लेने सवारी मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु खड़े रहे। पालकी में उमा माता की रजत की प्रतिमा व डोल रथ पर गरुड़ पर माता (पीतल की प्रतिमा) और भगवान महेश विराजित होकर दर्शन देते हुए निकले।
