जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सोमवार को जोरदार धमाका हुआ। यह विस्फोट कृष्णा घाटी सेक्टर के सतवाल-नकी इलाके में जीरो लाइन के पास हुआ। आशंका है कि धमाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल किया गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है। धमाका उस समय हुआ, जब नियंत्रण रेखा के पाकिस्तानी तरफ कुछ लोग एक जगह से दूसरी जगह जा रहे थे।हालांकि, अभी यह भी साफ नहीं है कि वहां मौजूद लोग घुसपैठ की कोशिश कर रहे संदिग्ध आतंकवादी थे या इलाके में गश्त कर रहे पाकिस्तान सुरक्षा बल के जवान। भारतीय सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में अलर्ट जारी कर दिया है। नियंत्रण रेखा पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित सुरक्षा चूक को रोका जा सके। मेंढर सेक्टर में दो बारूदी सुरंगें नष्ट की गईं एक अन्य घटना में, भारतीय सेना ने सोमवार को पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा पर लगी बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगों का पता लगाया। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 8:25 बजे और 12:10 बजे रास्ता बनाने के काम के दौरान ये सुरंगें मिलीं। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों बारूदी सुरंगों को नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में इसी इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया गया है। ———————- ये खबर भी पढ़ें… कश्मीर के कुलगाम में 5 आतंकी गिरफ्तार:2 पिस्तौल और 3 ग्रेनेड भी जब्त, 45 दिनों में 16 आतंकी पकड़ाए जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में पुलिस ने सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF के साथ संयुक्त अभियान चलाकर पांच संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़ें…
