भोपाल में चल रहे मध्य प्रदेश ट्रैवल मार्ट का गुरुवार को दूसरा दिन है। इस दिन सुबह से शाम तक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे। वहीं, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश्वर कुमार बी2बी व प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। चार दिवसीय ट्रैवल का बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया था। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में मार्ट चल रहा है। इसमें अमेरिका, फ्रांस, जापान, इटली समेत करीब 34 देश के 100 मेहमान भी शामिल हैं, जो घरेलू टूर ऑपरेटर्स से अपने अनुभव, पैकेज आदि साझा कर रहे हैं। यह सातवां संस्करण, बी2बी मंच
यह आयोजन राज्य के पर्यटन परिदृश्य का अब तक का सबसे विशाल और रणनीतिक बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) नेटवर्किंग मंच सिद्ध होने जा रहा है। गुरुवार सुबह प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। फिर विशेष चर्चा का सत्र शुरू होगा। जिसका विषय ‘भारत के वन्यजीवों का एक जीवंत परिदृश्य: भारत की वन्यजीव राजधानी के रूप में मध्य प्रदेश’ रहेगा। इसके बाद रणनीतिक राउंड टेबल्स में 2030 तक मध्य प्रदेश को भारत का प्रमुख साहसिक गंतव्य बनाने के लिए विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। राज्य की इकोनॉमी को बढ़ावा देने और सम्मेलन/प्रदर्शनी हब के रूप में विकास पर केंद्रित राउंड टेबल मीटिंग होगी। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक पंजीकृत बायर और सेलर के बीच बैठकें आयोजित की जाएंगी। पिछले साल 21 करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट आए
सचिव पर्यटन और प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैयाराजा टी. ने बताया, वर्ष 2025 में पर्यटकों के आवागमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। जिससे प्रदेश में पर्यटकों का कुल आंकड़ा 21.05 करोड़ तक पहुंच गया है। MPTM 2026 का मूल उद्देश्य इसी तीव्र संवृद्धि को वैश्विक निवेश, आधुनिक अधोसंरचना और सतत आजीविका के अवसरों में रूपांतरित करना है। मां की रसोई सजी, स्थानीय जायके का लुत्फ
अतिथियों को मध्य प्रदेश के अनूठे खान-पान और संयुक्त राष्ट्र के मिलेट प्रोत्साहन मिशन से जोड़ने के लिए ‘मां की रसोई’ का विशेष लाइव काउंटर स्थापित किया गया है। इसमें कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटियां, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, मालवा-निमाड़ का प्रसिद्ध दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की ताजी चटनियों जैसे विशुद्ध पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं। 16 विशेष टूर होंगे
विदेशी और राष्ट्रीय प्रतिनिधियों को प्रदेश की जमीनी पर्यटन संपदा का साक्षात्कार कराने के लिए आयोजन के बाद 16 विशेष फैमिलियराइजेशन टूर्स (FAM Trips) आयोजित किए जा रहे हैं। जिनमें 200 से अधिक विशेषज्ञ शामिल होंगे। ये दल हेरिटेज सर्किट (खजुराहो, ओरछा, मांडू, महेश्वर, ग्वालियर, सांची, भीमबेटका), वाइल्डलाइफ सर्किट (कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा और कूनो चीता अभयारण्य), आध्यात्मिक सर्किट (उज्जैन महाकाल महालोक, ओंकारेश्वर एकात्म धाम, चित्रकूट, अमरकंटक), साहसिक जल पर्यटन सर्किट (पचमढ़ी, चंदेरी, तवा, गांधी सागर) का दौरा करेंगे। साथ ही, भोपाल में प्रवास के दौरान प्रतिनिधियों को हेरिटेज वॉक, वन विहार बर्ड वॉक, बड़े तालाब पर शिकारा राइड तथा स्वास्थ्य-वर्धक योग सत्रों का विशेष अनुभव कराया जा रहा है।
