उज्जैन के रामवास क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलने लगी और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। घटना के दौरान बस में यात्री सवार थे या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। गडकरी ने किया था शुभारंभ मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया। इस दौरान 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई गई। दो दिन बाद तीन को कुचला था शुभारंभ के दो दिन बाद (27 सितंबर को) इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में सेवा से जुड़ी ई-बस अनियंत्रित होकर तीन लोगों पर चढ़ गई थी, जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए थे। उज्जैन को मिलीं 10 बसें उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के लिए 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया।
