इंदौर में बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच RE-2 (रोड) के करीब एक किलोमीटर लंबे अधूरे हिस्से का काम पूरा कराने के लिए मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम और प्रशासन ने बाधक निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। बिचौली कांकड़, शिव नगर और शिव दर्शन नगर में टीम जेसीबी, पोकलेन और पुलिस बल के साथ पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते उन्होंने रिमूवल टीम और पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्थिति कंट्रोल करने के लिए प्लास्टिक पाइप से लोगों को मार-मारकर खदेड़ा। घटना में दो लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। 4.25 किमी लंबी RE-2, 3.20 किमी काम पूरा RE-2 की कुल लंबाई 4.25 किमी और चौड़ाई 45 मीटर है। इसमें करीब 3.20 किमी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। बाकी हिस्से में सीमांकन के बाद बाधक निर्माण हटाए जा रहे हैं। इस मार्ग पर 7 बस्तियां बाधक हैं। बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच एक किलोमीटर का हिस्सा 3 साल से अधूरा है। सड़क और कनेक्टिविटी से जुड़े काम पर करीब 55 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। अब प्रशासन का फोकस इस हिस्से की बाधाएं हटाने पर है। देखिए तस्वीरें 325 परिवारों को पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है पिपलियाहाना-बिचौली कांकड़ क्षेत्र में 325 परिवारों को पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है। इनमें 303 परिवार आवासीय प्रकोष्ठों में रह रहे हैं। कोर्ट के स्टे आदेश के कारण 22 मकान नहीं हटाए गए थे। कोर्ट के निर्णय के बाद इन परिवारों को आवास अलॉट कर 15 दिन का नोटिस दिया गया है। इस बीच 22 मकानों के अलावा बने 58 अवैध कच्चे झोपड़ों को हटाया जा चुका है। अब शिव नगर और शिव दर्शन नगर के परिवारों की शिफ्टिंग RE-2 के रास्ते में आने वाली 7 बस्तियों में से शांति नगर, पंचमुखी हनुमान मंदिर नायता रोड, स्कंद धाम कॉलोनी और आरटीओ के पास की बस्ती के परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के नीलगिरि परिसर में शिफ्ट किया जा चुका है। अब शिव नगर के 80 मकानों में रह रहे 117 परिवार और शिव दर्शन नगर के 55 मकानों में रह रहे 72 परिवारों का भी नीलगिरि परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। सड़क पूरी होने से इन इलाकों की कनेक्टिविटी सुधरेगी नगर निगम के अनुसार, बाधक निर्माण हटने के बाद RE-2 के बचे हिस्से का निर्माण शुरू कराया जाएगा। करीब एक किलोमीटर सड़क पूरी होने से भूरी टेकरी, पीपल्याहाना, बंगाली और नायता मुंडला आरटीओ क्षेत्र को वैकल्पिक कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे इन क्षेत्रों के लोगों का आवागमन आसान होने और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
