राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में भाजपा पार्षद संदीप शर्मा ने रुके विकास कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर गुरुवार सुबह पदयात्रा शुरू की। वार्ड-5 के पार्षद खिलचीपुर के तोपखाना गेट से करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर राजगढ़ कलेक्टर कार्यालय जाएंगे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने 7 दिन में काम शुरू नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है। बोले- भाजपा के विरोध में नहीं, विकास के लिए पदयात्रा संदीप शर्मा ने कहा कि वे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और पार्टी के सिंबल पर पार्षद चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा भाजपा के विरोध में नहीं, बल्कि खिलचीपुर के रुके विकास कार्य शुरू कराने के लिए है। उनके साथ कुछ स्थानीय लोग भी पदयात्रा में शामिल हुए। एक युवक महाराणा प्रताप की तस्वीर लेकर चल रहा था, जबकि शर्मा के हाथ में कलेक्टर के नाम का आवेदन था। उन्होंने करीब 3 घंटे में राजगढ़ पहुंचने की बात कही। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है और नगर परिषद के खाते में करीब 14 करोड़ रुपए होने के बावजूद विकास कार्य आगे नहीं बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में भाजपा अध्यक्ष होने के बावजूद विकास कार्यों के लिए उन्हें कलेक्टर तक पैदल जाना पड़ रहा है। 10 महीने से सीएमओ पर उदासीनता का आरोप पार्षद ने सीएमओ देव नारायण दांगी पर करीब 10 महीने से विकास कार्यों में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक वार्ड 1 से 15 तक सड़क, नाली, पेवर्स, दुकानें, बस स्टैंड और मां गाड़गंगा नदी की सफाई समेत कई काम अटके हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई कार्यों के प्रस्ताव हो चुके हैं, लेकिन टेंडर जारी नहीं हुए। कुछ कामों के वर्क ऑर्डर और कई प्रस्तावों की डीएस प्रक्रिया भी लंबित है। टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी करने की मांग शर्मा ने रुके हुए टेंडर जारी करने, लंबित वर्क ऑर्डर देने और जिन प्रस्तावों की डीएस प्रक्रिया बाकी है, उसे पूरा कराने की मांग की। उन्होंने पार्षदों के साथ भेदभावपूर्ण कार्रवाई बंद करने की भी मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नगर में विकास के लिए राशि उपलब्ध है तो काम क्यों नहीं हो रहे और सीएमओ पर किसका दबाव है। घटिया सड़क निर्माण की जांच का भी मुद्दा शर्मा ने पहले हुए कुछ सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि घटिया निर्माण की जांच के बाद कुछ ठेकेदारों से वसूली की कार्रवाई की गई थी, लेकिन संबंधित राशि अब तक जमा नहीं हुई है। 7 दिन का अल्टीमेटम, आमरण अनशन की चेतावनी शर्मा कलेक्टर को ज्ञापन देकर 7 दिन में रुके विकास कार्य शुरू कराने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि तय समय में काम शुरू नहीं हुए तो वे आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने दोहराया कि पदयात्रा भाजपा के खिलाफ नहीं, बल्कि खिलचीपुर के विकास कार्य शुरू कराने के लिए है।
