बालाघाट जिले के एक सरकारी कॉलेज में NCC एडमिशन को लेकर छात्रा ने प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि एडमिशन के बदले शारीरिक संबंध बनाने की मांग की गई। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र सिंह कुशराम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उच्च शिक्षा विभाग ने भी उन्हें सस्पेंड कर दिया है। डॉ. राजेंद्र सिंह कुशराम कॉलेज में सहायक प्राध्यापक थे। वे NCC प्रभारी भी थे। आरोप है कि NCC में सीट खाली नहीं होने के बावजूद एडमिशन दिलाने के लिए उन्होंने छात्रा को मोबाइल पर मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। पीड़िता ने पुलिस को सौंपे मैसेज और वॉइस रिकॉर्डिंग पीड़िता ने गुरुवार रात बैहर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोपी के भेजे मैसेज, वॉइस रिकॉर्डिंग और अन्य सबूत पुलिस को सौंपे। अभियोजन की ओर से पैरवी करने वाले वकील नारायण धुर्वे ने बताया कि एडमिशन कराने के बदले अनैतिक कार्य करने के लिए मोबाइल पर मैसेज भेजकर शारीरिक संबंध बनाने की मांग की गई थी। उनके मुताबिक, पुलिस ने पीड़िता से मिले साक्ष्यों और वॉइस रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। कहता था- नाम जोड़ दूं तो क्या करोगी? पुलिस के मुताबिक, आरोपी NCC में छात्राओं के नाम जोड़ने की बात करता था। वह कहता था- ‘यदि मैं तुम्हारा नाम जोड़ दूं तो तुम क्या करोगी।’ इसके अलावा वह पार्टी के लिए भी रुक जाने की बात कहता था। पहले एक छात्रा ने शिकायत की, जांच में 3 और सामने आईं मामले में शुरुआत में एक छात्रा ने शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन और छात्राओं ने आरोपी के खिलाफ इसी तरह की शिकायत की। इस तरह अब तक 4 छात्राओं की शिकायत सामने आ चुकी है। कोर्ट ने खारिज की जमानत, जेल भेजने के आदेश पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। सहायक जिला अभियोजन अधिकारी नारायण धुर्वे के मुताबिक, आरोपी की ओर से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शिवानी असाटी की कोर्ट में जमानत याचिका लगाई गई थी। अदालत ने इसे खारिज कर दिया और आरोपी को जेल भेज दिया। उच्च शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर जबलपुर अटैच किया मामला सामने आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की। शनिवार को विभाग के उपसचिव एल.के. खरे ने डॉ. राजेंद्र सिंह कुशराम के निलंबन का आदेश जारी किया। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा कार्यालय, जबलपुर तय किया गया है। मामले की पुलिस जांच जारी है।
