उदयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम तांबी आम्बा (पुजारा फलिया) में पति के रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर 47 वर्षीय नहजुबाई ने पहले अपने 50 वर्षीय पति रामा पर लट्ठ से हमला कर उसे मौत के घाट उतारा, फिर साक्ष्य मिटाने के लिए घर के भीतर ही लाश को आग के हवाले कर दिया। शव पूरी तरह नहीं जला, तो महिला ने अधजले अंगों को कमरे में रखी रेत के ढेर में गाड़ दिया। 17 दिनों तक कमरे की रेत में दबे इस कत्ल का राज तब खुला, जब गुजरात से बड़ा बेटा मजदूरी छोड़कर घर लौटा। पुलिस ने रेत में दबे अवशेषों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए इंदौर भेजा। पुलिस ने आरोपी महिला नहजुबाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। सरकारी दस्तावेज भी जलाए पुलिस के अनुसार, पड़ोसियों को भनक न लगे और धुआं बाहर न निकले, इसलिए जलती लाश के ऊपर लोहे का ड्रम ढंक दिया। यही नहीं, रामा की पहचान पूरी तरह खत्म करने के लिए उसने उसके सरकारी दस्तावेज और फोटो तक जला डाले।
