‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में पहली बार देशभर में एक साथ सामूहिक गायन का आयोजन होगा। ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम के तहत देश के 25 हजार से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से ज्यादा विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक एक समय, एक स्वर और एक लय में संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। यह आयोजन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। मालवा प्रांत के 522 सरस्वती शिशु मंदिरों में करीब 1 लाख 52 हजार 850 लोग इसमें सहभागी होंगे। उज्जैन में मारुति गंज स्थित सरस्वती स्कूल और ऋषिनगर स्थित सरस्वती स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 10:30 बजे एकत्रीकरण, 11 बजे सामूहिक गायन विद्या भारती मालवा प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख सुदर्शन शिशुलकर ने बताया कि प्रतिभागियों का एकत्रीकरण सुबह 10:30 बजे होगा। इसके बाद ठीक 11 बजे देशभर के निर्धारित स्थानों पर एक साथ संपूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। राष्ट्रभाव और सांस्कृतिक एकात्मता का संदेश ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से मालवा प्रांत के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के 522 सरस्वती शिशु मंदिरों को एक सूत्र में जोड़ा जाएगा। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रभाव, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, सांस्कृतिक एकात्मता और राष्ट्रीय चेतना की भावना को अभिव्यक्त करना है। दो रिकॉर्ड में दर्ज होगा आयोजन आयोजन में एक साथ सर्वाधिक विद्यार्थियों और जनसमुदाय द्वारा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का रिकॉर्ड दर्ज कराने की तैयारी है। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से इस सामूहिक गायन का प्रमाणीकरण किया जाएगा।
