Homeमध्यप्रदेशजावरा में पैलेस ग्राउंड से ही निकलेगा चल समारोह:सीरत कमेटी अध्यक्ष बोले-...

जावरा में पैलेस ग्राउंड से ही निकलेगा चल समारोह:सीरत कमेटी अध्यक्ष बोले- दुआ करें यह समय शांति से निकल जाए; सुरक्षा बल की 7 कंपनी तैनात

रतलाम के जावरा में अनंत चतुर्दशी पर सकल हिंदू समाज का गणेश प्रतिमा विसर्जन चल समारोह शुक्रवार शाम 5 बजे पैलेस ग्राउंड से निकलेगा। जिस जगह से यह जुलूस निकलेगा, वहां साल में दो बार मुस्लिम समाज के बड़े कार्यक्रम होते हैं। यह पहली बार है कि सकल हिंदू समाज इस स्थान से चल समारोह निकालने जा रहा है। पिछले तीन दिन से चल समारोह के स्थान को लेकर मुस्लिम समाज द्वारा आपत्ति जताई जा रही थी। इससे तनाव की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार रात सीरत कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष मोबिन खान मेव ने वीडियो जारी कर मुस्लिम समाज से कहा कि यह वक्त है, थोड़ी मेहरबानी कर सब्र कर लें जो भी कुछ होगा अच्छे के लिए होगा। इससे जावरा की शांति बनी रहेगी। ऐसा कोई काम ना करें, जिससे जावरा में अशांति फैले। कुछ कार्रवाई होगी तो हमारे भाई परेशानी में आएंगे। मैं नहीं चाहता हूं कि किसी को कोई परेशानी आए। दुआ करें यह समय शांति से निकल जाए। शहनाज अख्तर व संत होंगे शामिल
चल समारोह में भजन गायिका शहनाज अख्तर, महामंडलेश्वर संत आनंद गिरि महाराज समेत अन्य संत भी शामिल होंगे। जावरा नगर के सारे गणपति प्रतिमाएं पैलेस मैदान में एकत्र होगी। यहां शाम 5 बजे चल समारोह शुरू होगा। जो गुन्ना चौक, जगन्नाथ महादेव, बजाजखाना, घंटाघर, कोठी बाजार, कामानी गेट, नीम चौक, गोवर्धननाथ चौराहा, शुक्रवारिया पिपली बाजार, जवाहर पथ और चूड़ी बाजार होते हुए जगन्नाथ महादेव पहुंचेगा। यहां से चल समारोह वापस पैलेस ग्राउंड आएगा। हिंदू-मुस्लिम दोनों रहते हैं
मैदान के एक तरफ मुस्लिम तो दूसरी तरफ हिंदू बाहुल्य क्षेत्र है। इसी कारण पहले प्रशासन भी इस स्थान से गणेश विसर्जन चल समारोह नहीं निकालने की अनुमति दे रहा था। लेकिन सकल हिंदू समाज भी अड़ गया कि चल समारोह तो यहीं से निकलेगा। इसके बाद पुलिस व जिला प्रशासन ने सुरक्षा बतौर अपनी तैयारी शुरू की। पुलिस ने पैलेस मैदान को दोनों तरफ बैरिकेडिंग करके सील कर दिया है। अंदर केवल स्कूल, बैंक ग्राहक और जिनके घर हैं, उन्हें ही आने-जाने की अनुमति दी है। दोनों तरफ अस्थायी पुलिस चौकियां बनाकर बल तैनात कर दिया है। सुरक्षा के लिए 7 कंपनियां तैनात
गणेश विसर्जन चल समारोह में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी व मौजूदा स्थिति को देखते हुए जावरा में सुरक्षा बल की 7 कंपनिया तैनात की है। जिसमें 2 रेपिड एक्शन फोर्स व पांच एएसएफ बटालियन की कंपनी समेत 1000 पुलिस कर्मी तैनात किए हैं। इसके अलावा अनुभव के आधार पर पुराने अधिकारियों को भी बुलाया गया है। रतलाम जिले समेत आसपास के जिले का बल भी तैनात किया है। गुरुवार रात खुद एसपी अमित कुमार, एएसपी विवेक कुमार रेपिड एक्शन फोर्स के साथ जावरा शहर में फ्लैग मार्च निकाला। मुस्लिम समाज को आखिर क्यों है आपत्ति
जावरा नगर नवाबों के रियासत काल का शहर है। जिस स्थान से सकल हिंदू समाज चल समारोह निकालना चाहता है उसे पैलेस ग्राउंड कहा जाता है। जानकारों की मानें तो यह जमीन नवाबों की हुआ करती थी। लेकिन इस जमीन को नवाबों से जावरा के विजय नाहर व कुछ लोगों ने खरीदी थी। जिसमें यह तय हुआ था कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजियों को ठंडा करने (छींटे की रस्म) यहां होगी। जो परंपरा सालों से यहां पर चली आ रही है। इसके अलावा बारह वफाद ईद मिलादुन्नबी के 12 दिन की तकरीर (प्रवचन) भी यहां होते। जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज एकत्र होता है। एक साल में दो बड़े कार्यक्रम पिछले कई सालों से हो रहे हैं। इस कारण मुस्लिम समाज इस मैदान को कर्बला मैदान भी कहते हैं। यही वजह है कि मुस्लिम समाज नहीं चाहता था कि अगर इस बार गणेश विसर्जन का जुलूस यहां से निकलता है तो यह हर साल की पंरपरा बन जाएगी। इसी को लेकर मुस्लिम समाज की सीरत कमेटी समेत अलग-अलग संगठन विरोध जता रहे थे। दुआ करें यह समय शांति से निकल जाए
तीन चार दिन से चल समारोह के स्थान की आपत्ति के बाद गुरुवार रात सीरत कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष मोबिन खान मेव ने वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि मुस्लिम भाईयों से गुजारिश करता हूं। पिछले तीन चार दिन से जो जुलूस निकलने वाला है उसके लिए कोशिश की। शहर में अमन शांति बनी रहे, इसके लिए रास्ता बनाया है जो सबके हित के लिए है। मेरी आपसे गुजारिश है कल जुम्मा है। जुम्मे में सब शांति से प्यार से मोहब्बत से अपनी-अपनी मस्जिद में नमाज पढ़ें। सुकुन से नमाज पढ़ें और मालिक से दुआ करें यह जो समय है शांति से निकल जाए। जावरा शहर का एक नाम है, अमन शांति का यह हमेशा बरकरार है, जिसको साबित करने का एक समय आया है। हम लोगों की जिम्मेदारी है हम सब मिलकर साथ थे। एक अच्छा वातावरण बनाएं, जिससे एक संदेश जाए। अफवाह पर भरोसा नहीं करें
मेव ने वीडियो में कहा कि मैं समझता हूं कि शांति से सब कुछ हो जाएगा। जैसा प्रशासन ने विश्वास दिलाया है उसके लिए एक रास्ता बनाया है। हमारे लोग भी इसमें सहयोग करें। हम आपको बड़ा समझते हैं, मैं समझता हूं कि जावरा की फिजा खराब ना हो। या हमारे भाई किसी तकलीफ में ना आएं। कोई फालतू बात ना करें, ना कोई इकट्‌ठा हों। सुकून से नमाज पढ़ें और नमाज पढ़ने के बाद कहीं इकट्‌ठा ना हों। कोई किसी अफवाह पर भरोसा ना करें। अपनी तरफ से सोशल मीडिया पर कोई ऐसी बातें ना लिखें जिससे अशांति फैले। उससे क्या है प्रशासन को तकलीफ आएगी और कुछ कार्रवाई होगी तो हमारे भाई परेशानी में आएंगे। मैं नहीं चाहता हूं किसी को कोई परेशानी आए। मैं गुजारिश करता हूं आप अपने शांति से मोहब्बत से भाई चारा है उससे नमाज अदा करें। अल्लाह से दुआ करें यह समय खैरियत से निकल जाए। थोड़ी से मेहरबानी कर कल के वक्त में सब्र कर लें जो भी कुछ होगा अच्छे के लिए होगा। इससे जावरा की शांति बनी रहेगी। सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी बृजेंद्र रावत ने रतलाम जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश जिले के संपूर्ण राजस्व क्षेत्र में प्रभावशील रहेगा। जारी आदेश के अनुसार रतलाम जिले की संपूर्ण सीमा क्षेत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा उत्तेजित करने वाली फोटो, चित्र, संदेश, सांप्रदायिक संदेश आदि का प्रचार-प्रसार एवं फॉरवर्डिंग प्रतिबंधित किया है। ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सांप्रदायिक अथवा सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाले मैसेज पोस्ट करने, कमेंट करने तथा ऐसे संदेशों को प्रसारित अथवा फॉरवर्ड करने की गतिविधियों पर भी प्रतिबंध कर एक अलग से टीम नजर रखेगी। यह प्रतिबंधात्मक आदेश 23 अक्टूबर 2026 तक प्रभावशील रहेगा। एसपी अमित कुमार ने बताया किसी भी गड़बड़ी को निपटने के लिए हम तैयार है। सुरक्षा कंपनियां तैनात है। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here