मध्य प्रदेश के सतना में गुरुवार सुबह एक युवक ने 32 साल की महिला पर कलेक्ट्रेट के सामने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी सागर से करीब 300 किमी दूर सतना पहुंचा था। उसने धवारी तिराहे के पास महिला पर पीछे से चाकू से वार किया और भागने लगा। महिला की कमर के ऊपर चाकू लगा, जिससे वह घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। होटल जाने के लिए निकली थी युवती पुलिस के अनुसार, महिला गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर से होटल जाने के लिए स्कूटी से निकली थी। वह होटल में काम करती है। इसी दौरान सागर निवासी सूरज जाटव (34) एक्टिवा से वहां पहुंचा और पीछे से महिला पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह मौके से भाग गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वारदात से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… 2024 में शादी में हुई थी मुलाकात पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 2016 में सागर में हुई थी। वह पति के साथ दिल्ली में रहती थी। 2020 में पति की बीमारी से मौत हो गई, जिसके बाद वह अपने मायके सतना आ गई। उसके दो बच्चे हैं। 2024 में वह सागर में एक रिश्तेदार की शादी में गई थी। इसी दौरान उसकी आरोपी सूरज जाटव से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों इंस्टाग्राम पर बातचीत करने लगे। शादी से इनकार पर परेशान करने का आरोप महिला ने पुलिस को बताया कि सूरज उससे शादी करने के लिए कहता था, लेकिन वह लगातार इनकार करती रही। पीड़िता का आरोप है कि सूरज करीब दो साल से शादी के लिए उसे परेशान कर रहा था। शादी से इनकार करने पर सूरज उसे जान से मारने की धमकी भी देता था। सागर से एक्टिवा से सतना आया आरोपी पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सूरज जाटव सागर से एक्टिवा से सतना आया था। वारदात के बाद वह सागर भाग रहा था, लेकिन पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ा। घटना में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया सिटी कोतवाली टीआई हेमंत शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त कर ली गई है। आरोपी से पूछताछ जारी है। ……………………………….. यह खबर भी पढ़ें देवर से संबंध का शक, पत्नी-बच्चों को मार डाला दमोह में पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले द्वारका पटेल को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पूछताछ में उसने कहा- पत्नी के छोटे भाई से संंबंध थे, इसलिए उसे मार डाला। वारदात वाले दिन वह पत्नी को अपने साथ दिल्ली ले जाने गांव आया था। पढ़ें पूरी खबर…
