Homeमध्यप्रदेशगणेश पंडाल के खंभे में करंट से किशोर की मौत:जबलपुर में महाआरती...

गणेश पंडाल के खंभे में करंट से किशोर की मौत:जबलपुर में महाआरती के बाद घर लौटते समय हादसा; बचाने पहुंचे दोस्तों को भी लगा करंट, लापरवाही के आरोप

जबलपुर के धनवंतरी नगर के जसूजा सिटी फेज-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल में करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह महाआरती में शामिल होने के बाद दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। पंडाल के पास लगे एक खंभे में करंट आ रहा था। किशोर के संपर्क में आते ही वह जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोग उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शौर्य चनपुरिया के रूप में हुई है। घर लौटते समय खंभे के संपर्क में आया जानकारी के मुताबिक जसूजा सिटी फेज-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया था। शौर्य अपने दोस्तों के साथ आरती में शामिल होने आया था। आरती के बाद वह दोस्तों के साथ पंडाल में ही मौजूद था। रात में घर जाने के लिए जैसे ही वह पंडाल से निकला, मंच के एक खंभे के संपर्क में आ गया। खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही शौर्य जमीन पर गिर पड़ा। टेबल उठाते समय दोस्त को भी लगा झटका घटना के चश्मदीद और शौर्य के दोस्त अज्जू अहिरवार ने बताया कि शौर्य कोचिंग से आने के बाद उनके साथ बैठा था। इसी दौरान दोस्त की मां के जन्मदिन के कारण वहां भंडारे और अन्य आयोजन की तैयारी चल रही थी। अज्जू के मुताबिक जब वह टेबल उठा रहा था, तभी उसे करंट महसूस हुआ। वह इसकी जानकारी अपने दोस्त को देने गया। इसी बीच शौर्य पंडाल के पास पड़ा दिखाई दिया। अज्जू ने बताया कि पहले उन्हें लगा कि शौर्य मजाक कर रहा है। जब उसे उठाने की कोशिश की गई तो उन्हें भी करंट का झटका लगा। इसके बाद तुरंत शौर्य को अस्पताल ले जाया गया। कक्षा 11वीं में पढ़ता था शौर्य मृतक के बड़े पिता डॉ. शिशिर चनपुरिया ने बताया कि शौर्य 16 वर्ष का था और लिटिल वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। उन्होंने बताया कि गणेश पंडाल में आरती में शामिल होने के बाद शौर्य घर लौट रहा था, तभी उसे करंट लग गया। उसे बचाने की कोशिश कर रहे बच्चों को भी करंट का झटका लगा। डॉ. चनपुरिया ने आरोप लगाया कि खुले स्थान पर करंट का प्रवाह होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि इस तरह लोगों की जिंदगी खतरे में डाली जा रही है। पुलिस बोली- खंभे में पहले से आ रहा था करंट जानकारी मिलने पर धनवंतरी नगर चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जसूजा सिटी फेज-3 में गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी और वहां महाआरती का आयोजन था। रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि एक युवक को करंट लगने के बाद मेडिकल अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक खंभे में करंट आ रहा था और शौर्य ने घर जाते समय उसे छू लिया। समिति से जुड़े लोगों ने पुलिस को बताया है कि खंभे में पहले से करंट आने की जानकारी थी और टेंट लगाने वाले व्यक्ति को भी इसकी सूचना दी गई थी। हालांकि, इस मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवा दिया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद मौत की परिस्थितियां और स्पष्ट होंगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिछले साल भी गई थी दो बच्चों की जान पिछले साल जबलपुर में एक दुर्गा पंडाल में करंट फैलने से दो बच्चों की मौत हो गई थी। घटना तिलवारा थाना क्षेत्र के बरगी हिल्स के पास की है। दोनों बच्चे बरगी हिल्स के पास ही रहते थे। वे अन्य बच्चों के साथ दुर्गा पंडाल में खेल रहे थे। लोहे के पाइप में फैले करंट की चपेट में आकर छिटककर दूर गिर गए। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कलेक्टर को इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे। ये खबर भी पढ़िए… 1. गणेश पंडाल बनाते समय नाबालिग को लगा करंट, मौत बीना के परसोरा गांव में सोमवार रात गणेश पंडाल तैयार करते समय नाबालिग विक्रम अहिरवार (17) की करंट लगने से मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ गणेश उत्सव के लिए पंडाल की सजावट और निर्माण का काम कर रहा था। पढ़ें पूरी खबर… 2. दुर्गा पंडाल में करंट फैला, 2 बच्चों की मौत जबलपुर में एक दुर्गा पंडाल में करंट फैल गया। जिसकी चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना बुधवार रात को तिलवारा थाना क्षेत्र के बरगी हिल्स के पास की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here