मुरैना के जौरा में बुधवार को जुआ पकड़ने गई पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना हॉस्पिटल रोड की मस्जिद वाली गली की है। मृतक की पहचान सुरजा गुप्ता उर्फ कल्ला पुत्र सुभाष चंद्र के रूप में हुई है। घटना के बाद जौरा के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। पुलिस को देखकर भागने लगे लोग जौरा पुलिस हॉस्पिटल रोड की मस्जिद वाली गली में जुआ पकड़ने पहुंची थी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान सुरजा गुप्ता उर्फ कल्ला की मौत हो गई। युवक की मौत कैसे और किन हालात में हुई, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने भी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है। 100 से ज्यादा व्यापारी थाने पहुंचे घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी जौरा थाने पहुंचे। करीब 100 से ज्यादा व्यापारियों ने थाने का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। मुरैना से अतिरिक्त बल भेजा गया घटना के बाद मुरैना मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल और पुलिस अधिकारी जौरा के लिए रवाना किए गए। अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। फिलहाल युवक की मौत का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई घटना और व्यापारियों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी। एसपी बोले- भागते समय गिरने से मौत हुई
एसपी धर्मराज मीना के अनुसार जौरा पुलिस उस इलाके में हॉस्पिटल के पास एक चीमा शातिर चोर को पकड़ने गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि शातिर चोर चीमा उस क्षेत्र में देखा गया है इस पर पुलिस वहां पहुंची लेकिन कुछ लोग जुआ खेल रहे थे तो पुलिस को देख भागे और सूरज गुप्ता भी उन्हीं में से था अचानक वह गिर पड़ा तो पुलिस कर्मियों ने उसे सीपीआर देकर जौरा अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उस समय पुलिस कर्मी जानते नहीं थे कि उक्त व्यक्ति कौन है इसके बाद जब उसकी पहचान हुई तो परिजनों को सूचित किया गया। मृतक की कार्डियक भी हिस्ट्री है संभवतः उसे फिर से कार्डियक अटैक आया होगा। तीन डॉक्टरों के पैनल और वीडियो ग्राफी करवाकर पीएम करवाया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
एसपी धर्मराज मीना के निर्देश पर जौरा थाने के पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैक किया है। प्रधान आरक्षक प्रवेंद्र तोमर, आरक्षक गिरजेश भार्गव, इसब खान,सुरेंद्र कंसाना, सत्यम इनको लाइन अटैक किया। इनकी जांच पुलिस विभाग के डीएसपी लेवल के अधिकारी से करवाई जाएगी।
