इंदौर में मंगलवार को नवलखा स्थित स्नेह नगर के एक कॉम्प्लेक्स में ओवरलोड होने से लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे में लिफ्ट में सवार 7 लोग घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई है। घायलों में पंजाब से इंदौर आए 6 मेहमान भी शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है बिल्डिंग करीब 50 साल से अधिक पुरानी है। पंजाब से आए 6 मेहमान भी घायल हुए टीआई अनिल गुप्ता के मुताबिक घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। स्नेह नगर के नवलखा कॉम्प्लेक्स में यह हादसा हुआ। अंकित ढीगरा गंभीर घायल हुए हैं। वहीं, मनोज ढीगरा के यहां पंजाब से आए 6 मेहमान भी घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद टीआई और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टीआई के मुताबिक बिल्डिंग काफी पुरानी है और यहां मेंटेनेंस का काम भी बाकी है। लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिरी थी। ओवरलोड होने की वजह से हुआ हादसा चौकीदार लखन ने बताया कि लिफ्ट ओवरलोड हो गई थी। आवाज आने के बाद अंदर मौजूद लोग चिल्लाने लगे। इसके बाद वे बचाने के लिए पहुंचे। लिफ्ट में 7 लोग सवार थे, जो मुलाकात करने आए थे। ये लोग हुए घायल इस हादसे में अंकित पुत्र सोहन ढिगरा, मुस्कान खीर, हरविंदर कुमार,रमेश कुमार,शुभम,आशा और अनिता घायल है। अंकित को ज्यादा चोट आई है सभी सेकंड फ्लोर से नीचे आ रहे थे। 40 साल पुरानी है लिफ्ट, यहां पहले भी गिर चुकी
कॉम्प्लेक्स में A, B, C और D चार ब्लॉक हैं। यहां लगी लिफ्ट करीब 40 साल पुरानी है। लिफ्ट के बाहर नोटिस भी लगा है, जिसमें अधिकतम 4 लोगों के जाने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद हादसे के समय 7 लोग लिफ्ट के अंदर चले गए। D ब्लॉक में भी लिफ्ट पहले भी दो बार गिर चुकी है। बताया जा रहा है कि काफी समय से लोग लिफ्ट के मेंटेनेंस की राशि नहीं दे रहे हैं।
