लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर इंदौर के लोगों से पूछा- ‘कल क्या खिला रहे हैं, इंदौर? पोहा, जलेबी या कुछ और।’ पोस्ट पर लोगों ने दाल-बाटी, इंदौरी सेव और सेव-मिक्सचर समेत कई जवाब दिए। वहीं, राहुल गांधी को सुनने के लिए दिल्ली से आई युवती देवोश्री मुखर्जी ने उनसे शादी करने की इच्छा जताई और कहा कि वह उन्हें प्रपोज करने आई है। कल इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम राहुल गांधी इंदौर के भारत जोड़ो ग्राउंड में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डोम और मंच तैयार हो चुके हैं। मंच पर फीस, रोजगार और छात्रों की समस्याओं से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं। मुख्य पोस्टर पर ‘घोटालों का घेरा है, तभी भविष्य अंधेरा है’ लिखा है। इसके अलावा ‘फीस बढ़ी, मुश्किल हुई पढ़ाई, छात्र पूछें कब होगी सुनवाई?’ और ‘स्कूल है पर पढ़ाई नहीं, डिग्री है पर कमाई नहीं’ जैसे स्लोगन लगाए गए हैं। युवती बोली- कैटरीना डेट करना चाहती थीं तो मैं क्यों नहीं? कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली से इंदौर पहुंची युवती देवोश्री मुखर्जी ने राहुल गांधी से शादी करने की इच्छा जताई। उसने कहा कि अगर अभिनेत्री कैटरीना कैफ राहुल गांधी को डेट करना चाहती थीं, तो एक आम लड़की भी उनसे शादी की इच्छा रख सकती है। देवोश्री ने कहा कि राहुल गांधी जिन मुद्दों को लेकर बात करते हैं, उनका युवाओं पर प्रभाव पड़ता है। इसी वजह से वह उन्हें सुनने के लिए दिल्ली से इंदौर पहुंची है। युवती ने दावा किया कि कई लड़कियां राहुल गांधी को खुले मंच से प्रपोज करना चाहती हैं। यह उसका व्यक्तिगत विचार और दावा है। 300 फीट का पोस्टर लेकर सड़कों पर निकले जेन-जी राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का 300 फीट का पोस्टर लेकर सैकड़ों युवा सड़कों पर निकले। यह पोस्टर NSUI के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी और राज पटेल के नेतृत्व में बनाया गया। पोस्टर के साथ भंवरकुआं क्षेत्र में रैली निकाली गई और युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। रवि दांगी ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जेन-जी शामिल होंगे। ऐसा है राहुल गांधी का कार्यक्रम दोपहर 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे राहुल गांधी राहुल गांधी दोपहर 2 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे होटल रेडिसन पहुंचेंगे। शाम 6 बजे होटल से रवाना होकर 6:45 बजे रीजनल पार्क स्थित सभा स्थल पहुंचने का कार्यक्रम है। रात 9 बजे कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे। कार्यक्रम में राहुल गांधी के संवाद के साथ सिंगर राघव चैतन्य की प्रस्तुति भी होगी। 7 एंट्री गेट, छात्रों और छात्राओं के लिए अलग व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर कुल 7 एंट्री गेट बनाए गए हैं। रीजनल पार्क के सामने से VIP के लिए 2 और VVIP के लिए 1 अलग गेट रहेगा। छात्रों और छात्राओं के लिए भी अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए हैं। मुख्य डोम में मंच के सामने दाईं तरफ छात्रों और बाईं तरफ छात्राओं के बैठने की व्यवस्था है। राहुल और कार्यक्रम में शामिल होने वाले कलाकारों के लिए पीछे की तरफ से अलग रास्ता रखा गया है। 120 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात मुख्य डोम के अलावा Gen-Z और अन्य प्रतिभागियों के लिए ओपन ग्राउंड भी तैयार किया गया है। सुविधा के लिए 30 अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 15 पुरुष गार्ड, 15 महिला गार्ड, 30 महिला बाउंसर, 50 पुरुष बाउंसर और 18 ट्रैफिक मार्शल तैनात रहेंगे। इन सामानों के साथ नहीं मिलेगी एंट्री कार्यक्रम स्थल पर पानी की बोतल, कोल्ड ड्रिंक, बैग, लैपटॉप, हेलमेट, ड्रोन, इंजेक्शन, सिगरेट, लाइटर और चाकू ले जाने पर रोक है। सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित सामानों की सूची के बैनर जगह-जगह लगाए गए हैं।
