मंदसौर में 32 साल के इस्माइल उर्फ भूरा की हत्या का पुलिस ने दो दिन बाद खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस्माइल की पत्नी मुस्कान ने अपने भाई शाकिर और देवर ईशाक के साथ मिलकर उसकी हत्या की। पहले सिर पर डंडे से वार किया, फिर गला दबाया। इसके बाद मुस्कान और शाकिर शव को बाइक पर बीच में बैठाकर करीब 2 किलोमीटर दूर झाड़ियों में फेंक आए। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे करीब 30 लाख रुपए के मकान को बेचने और रुपयों को लेकर विवाद था। ईशाक मकान बेचकर दोनों भाइयों के अलग रहने की योजना बना रहा था, जबकि इस्माइल इसके खिलाफ था। परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। फतेहगढ़ में पत्नी से विवाद, फिर खेत में ले गए पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन इस्माइल शराब के नशे में फतेहगढ़ स्थित पत्नी मुस्कान के मायके पहुंचा था। वहां पत्नी और उसके भाई शाकिर से विवाद हुआ। शाकिर ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद इस्माइल बस से चौपाल सागर के सामने शराब की दुकान के पास पहुंचा। मुस्कान ने ईशाक को इसकी जानकारी दी। ईशाक उसे ढूंढते हुए वहां पहुंचा। कुछ देर बाद मुस्कान और शाकिर भी पहुंच गए। तीनों को देखकर इस्माइल खेतों की ओर भागा। पुलिस के मुताबिक, खेत में शाकिर ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। उसके गिरने के बाद ईशाक ने पैर और मुस्कान ने हाथ पकड़े, जबकि शाकिर ने दुपट्टे से गला दबा दिया। शव को बाइक पर बीच में बैठाकर ले गए हत्या के बाद ईशाक वहां से चला गया। इसके बाद मुस्कान और शाकिर ने शव को बाइक पर बीच में बैठाया और खिलचीपुरा-नालछा माता मंदिर रोड की ओर ले गए। रास्ते में शव का पैर जमीन से टकराने लगा। इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की कोशिश थी कि मामला शराब के नशे में हुए हादसे जैसा लगे। इसके बाद ईशाक ने खुद पुलिस को सूचना दी कि उसका भाई खिलचीपुरा से नालछा माता मंदिर रोड पर बेहोश पड़ा है। खुद फरियादी बनकर पुलिस को गुमराह किया 15 सितंबर को ईशाक की सूचना पर डायल-112 की मदद से इस्माइल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। हत्या की आशंका के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल, तकनीकी सबूत और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों में ईशाक की भूमिका सामने आई। उसने खुद फरियादी बनकर मामले को हादसा बताने की कोशिश की थी। CCTV में बाइक पर शव ले जाते दिखे घटना के बाद का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें मुस्कान अपने भाई शाकिर के साथ काले रंग की बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर दिखाई दे रही है। बाइक शाकिर चला रहा था। बीच में इस्माइल का शव बैठा था और मुस्कान पीछे से उसे पकड़े हुए थी। दो गिरफ्तार, शाकिर फरार पुलिस ने मोहम्मद ईशाक पिता अलीमुद्दीन मेव, उम्र 30 वर्ष, निवासी मदारपुरा और मुस्कान पत्नी इस्माइल मेवाती, उम्र 24 वर्ष, निवासी मदारपुरा को गिरफ्तार किया है। शाकिर पिता बब्बू खां मेव, निवासी नई फतेहगढ़ फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मकान बेचने को लेकर था विवाद एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि इस्माइल का शव मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। जांच में मुस्कान, शाकिर और ईशाक की भूमिका सामने आई। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के मुताबिक, करीब 30 लाख रुपए कीमत के मकान को बेचने को लेकर दोनों भाइयों में विवाद था। इसी विवाद में हत्या की गई।
